सुनील छेत्री ने मेसी को पछाड़ा, टॉप-10 में पहुंचने से एक गोल दूर

खेल। भारतीय फुटबॉल (Indian Footbal team) टीम के कप्तान सुनील छेत्री (Sunil chhetri) अर्जेंटीना (Argentina) के सुपर स्टार लियोनेल मेसी (Lionel Messi) को पीछे छोड़कर सर्वाधिक गोल करने वाले सक्रिय खिलाड़ियों की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। 36 साल के छेत्री ने सोमवार को फीफा विश्व कप 2022 (Fifa world cup 2022) और एएफसी एशियाई कप 2023 (AFC Asian cup 2023) के संयुक्त क्वालिफाईंग मैच में बांग्लादेश के खिलाफ भारत की तरफ से दोनों गोल किए और भारत को शानदार जीत दिलाई। इस तरह से उनके कुल अंतरराष्ट्रीय गोल (International Goal) की संख्या 74 हो गई है। बता दें कि विश्व कप क्वालिफायर में भारत की पिछले छह सालों में पहली जीत के नायक छेत्री सर्वाधिक गोल करने वाले सक्रिय खिलाड़ियों की सूची में केवल पुर्तगाल (Portugal) के क्रिस्टियानो रोनाल्डो (Cristiano Ronaldo) (103) से पीछे हैं।
वहीं छेत्री बार्सिलोना के स्टार लियोनेल मेसी से दो और यूएई के अली मबखौत से एक गोल आगे हैं, इसके साथ ही मबखौत 73 गोल के साथ तीसरे स्थान पर हैं। लियोनेल मेसी ने पिछले गुरुवार को चिली के खिलाफ विश्व कप क्वालिफायर मैच में अपना 72वां अंतरराष्ट्रीय गोल किया था, जबकि मबखौत ने मलेशिया के खिलाफ अपनी गोल संख्या में बढ़ोतरी की थी।
दरअसल छेत्री ने सोमवार को जासिम बिन हमाद स्टेडियम में 79वें मिनट में पहला गोल दागा और फिर इंजरी टाइम में दूसरा गोल करके भारत की जीत सुनिश्चित की। भारतीय कप्तान सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ियों की सर्वकालिक सूची में शीर्ष 10 में पहुंचने से केवल एक गोल पीछे हैं। वह हंगरी के सैंडो कोकसिस, जापान के कुनिशिगे कमामोतो और कुवैत के बाशर अब्दुल्लाह से एक गोल पीछे हैं, इन तीनों ने समान 75 गोल किए हैं।
साथ ही टीम की जीत और छेत्री के रिकॉर्ड पर खुशी व्यक्त करते हुए अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (AIFF) के अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल ने कप्तान की आगे बढ़कर नेतृत्व करने के लिए प्रशंसा की। इस दौरान पटेल ने ट्वीट किया, 'हमारे कप्तान सुनील छेत्री ने लियोनेल मेसी को पीछे छोड़कर 74 गोल के साथ सक्रिय खिलाड़ियों में सर्वाधिक गोल करने वालों की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंचकर एक और उपलब्धि हासिल की है। कप्तान को बहुत-बहुत बधाई और भविष्य में इस तरह की अन्य उपलब्धियों के लिए शुभकामनाएं।' इस जीत से भारत 7 मैचों में 6 अंक के साथ ग्रुप ई में तीसरे स्थान पर पहुंच गया है, अब भारत का अगला मैच 15 जून को अफगानिस्तान से होगा।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS