Paralympics Tokyo 2020: भारतीय शूटरों का कमाल, मनीष नरवाल ने गोल्ड तो सिंहराज ने जीता सिल्वर

Paralympics Tokyo 2020: भारतीय शूटरों का कमाल, मनीष नरवाल ने गोल्ड तो सिंहराज ने जीता सिल्वर
X
टोक्यो पैरालंपिक में भारतीय एथलीटों का कमाल देखने को मिल रहा है। P4 मिक्स्ड 50 मीटर पिस्टल एसएस-1 फाइनल में मनीष नरवाल ने गोल्ड जबकि सिंहराज ने सिल्वर जीतकर कीर्तिमान रचा है।

खेल। टोक्यो पैरालंपिक (Tokyo Paralympics 2020) में भारतीय एथलीटों का कमाल देखने को मिल रहा है। P4 मिक्स्ड 50 मीटर पिस्टल एसएस-1 फाइनल में मनीष नरवाल (manish Narwal) ने गोल्ड अपने नाम किया है। जबकि सिंहराज (Singhraj Adhana) ने सिल्वर जीतकर कीर्तिमान रचा है। मनीष नरवाल ने 218.2 का स्कोर कर पहला स्थान हासिल किया। वहीं सिंहराज 216.7 का स्कोर खड़ा कर दूसरे स्थान पर रहे। इसके साथ ही भारत के पदकों की संख्या 15 हो गई है। बता दें कि ये दोनों शूटर फरीदाबाद के हैं।

क्वालिफिकेशन राउंड की बात करें तो सिंहराज 536 अंकों के साथ चौथे स्थान पर थे, जबकि मनीष सातवें नंबर पर थे। वहीं टोक्यो पैरालंपिक में मनीष नरवाल ने अबतक का तीसरा गोल्ड मेडल दिलाया। इससे पहले अवनि लेखरा और सुमित अंतिल ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया था।

इसके साथ ही इस पैरालंपिक में 39 साल के सिंहराज ने दूसरा मेडल हासिल किया। इससे पहले उन्हें 10 मीटर एयर पिस्टल SH1 में कांस्य पदक मिला था। अवनि लखेरा के पास भी दो पदक अपने नाम कर चुकीं हैं। बता दें कि अवनि ने गोल्ड के साथ ब्रॉन्ज जीता है।

वहीं मनीष नरवाल की इस उपलब्धि पर पीएम मोदी ने उन्हें बधाई दी है। पीएम मोदी ने लिखा कि टोक्यो पैरालंपिक में जीत जारी है, युवा और शानदार प्रतिभावन मनीष नरवाल की शानदार उपलब्धि। उनका स्वर्ण पदक जीतना भारतीय खेलों के लिए एक अहम पल है। उन्हें बधाई साथ ही भविष्य के लिए शुभकामनाएं।

इसके साथ ही पीएम मोदी ने सिल्वर पदक जीतने पर सिंहराज को भी बधाई दी। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि सिंहराज अधाना ने एक बार फिर से उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उन्होंने इस बार मिक्स्ड 50 मीटर पिस्टल एसएच 1 इवेंट में एक और पदक जीता है। उनकी इस उपलब्धि से देश खुश है। उन्हें बधाई और भविष्य के लिए बहुत शुभकामनाएं।


Tags

Next Story