Women's Hockey World Cup : न्यूजीलैंड ने भारत को 4-3 से हराया, अब क्रॉसओवर में स्पेन से होगी भिड़ंत

भारतीय महिला हॉकी (Hockey) टीम FIH महिला हॉकी विश्व कप (Women's Hockey World Cup) में न्यूजीलैंड (New Zealand) से 3-4 से हार गयी। इस हार के बाद अब भारतीय टीम क्रॉस ओवर मैच में 10 जुलाई को स्पेन से भिड़ेगी। जो टीम इस मुकाबले को जीतेगी उस टीम का मुकाबला 13 जुलाई को ऑस्ट्रेलिया से होगा।
न्यूजीलैंड ने पूल बी मुकाबले में टूर्नामेंट की अपनी पहली जीत तलाश रही भारतीय टीम (Team India) को 4-3 से मात दे दी। भारतीय खिलाड़ी वंदना ने मैच के चौथे मिनट में पहला गोल करके टीम को शुरुआती बढ़त दिलाई, पर कुछ देर बाद ही ओलिविया मेरी ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदल कर मैच को 1-1 की बराबरी पर पहुंचा दिया।
दूसरे क्वार्टर के समाप्त होने से पहले टेस जॉप ने एक और बार बॉल को गोल में पहुंचाकर न्यूजीलैंड को 2-1 की बढ़त दिलाई। इसके बाद तीसरा क्वार्टर शुरू होते ही फ्रांसिस ने गोल कर भारत की मुश्किलों को बढ़ा दिया। स्कोरकार्ड 3-1 पर पहुंचने के बाद भारतीय टीम का दबाव कम करते हुए लालरेमसियामी ने तीसरे क्वार्टर की समाप्ति से ठीक पहले 1 गोल किया।
चौथे क्वार्टर में इंडिया ने मैच को टाई करवाने के लिए बेहद आक्रामक खेल दिखाया। ओलिविया ने मैच के आखिरी मिनटों में अपना दूसरा गोल किया। इससे न्यूजीलैंड को बढ़त मिली और स्कोर 4-2 हो गया। लेकिन फिर इसके कुछ देर बाद ही गुरजीत कौर ने एक पेनल्टी कार्नर को गोल में तब्दील करके भारत की उम्मीदों को जिंदा रखा।
मैच के आखिरी सेकंड में भारत को एक पेनल्टी कार्नर मिला। गुरजीत कौर ने बॉल को मारना चाहा मगर पहले प्रयास में वह कीवी खिलाड़ी के पांव से जा लगी। भारत को दूसरा मौका दिया गया जिसमें ब्रुक रॉबर्ट्स ने बॉल को सफलतापूर्वक रोककर करीबी मुकाबले में भारत को हरा दिया। भारत ने विश्व कप की राउंड रोबिन लीग में एक भी मुकाबला नहीं जीता। न्यूजीलैंड से हारने से पहले भारत इंग्लैंड और चीन के साथ एक-एक ड्रॉ खेल चुकी है। भारत को हराकर न्यूजीलैंड ने विश्व कप क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS