CAA Protest: ये हैं यूपी के सबसे संवेदनशील इलाके, जहां फिर हो सकता है बड़ा विरोध प्रदर्शन

संशोधित नागरिकता कानून और प्रस्तावित एनआरसी के खिलाफ पूरे देश में गुस्से का माहौल है। लोग अपने-अपने तरीके से प्रदर्शन कर अपना रोष प्रकट कर रहे हैं। कहीं पर शांतिप्रिय तरीके से यह प्रदर्शन हो रहे हैं, तो कहीं ये हिंसा का रूप ले रहे हैं। उत्तर प्रदेश में लोगों ने इस प्रदर्शनों के दौरान हिंसक घटनाओं को अंजाम दिया।
पिछले दिनों यूपी से लगातार हिंसा की खबरें आ रही हैं। प्रदेश के कई जिलों में पहले से ही पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की हुई है। आज प्रशासन ने जुमे की नामाज को लेकर यूपी के सभी संवेदनशील इलाकों में इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है। सुरक्षा की नजरिए से देखे तो उत्तर प्रदेश में कई संवेदनशील जिले है, यहां बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन हो सकता है। ऐसे जिलों की अब सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है।
इन इलाकों में हो चुकी है हिंसा
उत्तर प्रदेश में कई जगहों से हिंसक प्रदर्शनों की खबरें लगातार आ रही है। बीते शुक्रवार जुमे की नमाज के बाद गोरखपुर, संभल, भदोही, बहराइच, फर्रुखाबाद, बुलंदशहर तथा फिरोजाबाद समेत कई जगहों पर हिंसा की घटनाएं सामने आईं। कुछ जगहों पर प्रदर्शनकारियों ने पथराव किया, वाहनों में आग लगा दी और उसके बाद पुलिस ने भी कार्रवाई की। अलीगढ़, मऊ, आजमगढ़, लखनऊ, कानपुर, बरेली, शाहजहांपुर, गाजियाबाद, बुलंदशहर, संभल और इलाहाबाद समेत एक दर्जन से अधिक जिलों में इंटरनेट सेवा अस्थाई रूप से रोक दी गयी है।
यूपी प्रशासन प्रदर्शनों को लेकर सतर्क है। प्रदेश के सभी संवेदनशील इलाकों में पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला। आइए जाने कौन से है वह संवेदनशील जिले जहां फिर हिंसा हो सकती है।
मेरठ
नागरिकता कानून के खिलाफ मेरठ में विरोध प्रदर्शन किए गए। हिंसा के दौरान अकेले मेरठ में 4 लोगों की जान गई। वहीं मेरठ प्रशासन ने लगभग 417 लोगों के शस्त्र लाइसेंस पर जांच बैठा दी है। इसमें से 300 लाइसेंस के नवीनीकरण पर रोक लगा दी गई है। इस दौरान हुए सरकारी संपति को भी नुकसान पहुंचाया गया। नुकसान की भारपाई के लिए यूपी प्रशासन लगातार लोगों को नोटिस भेज रहा है। मेरठ में बवाल के दौरान हुए नुकसान के लिए प्रशासन ने अबतक 148 लोगों को चिन्हित किया है। प्रशासन ने इनसे 40 लाख रुपये की वसूली के लिए नोटिस दिया है।
रामपुर
21 दिसंबर को सीएए के विरोध में हुए प्रदर्शन के दौरान हंगामे में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। इसके बाद 4 मोटरसाइकिलों और पुलिस की एक जीप में आग लगा दी थी। रामपुर के एडीएम फाइनेंस की कोर्ट ने 2 दर्जन से अधिक लोगों को नोटिस जारी करके 14,86,500 रुपये वसूली के लिए नोटिस जारी किया है। रामपुर पुलिस ने लगभग 20 से 25 लाख रुपये के नुकसान का आकलन किया है
बिजनौर
बीते शुक्रवार को नमाज के बाद माहौल शांत रखने के लिहाज से जिले में 10 कंपनी पीएसी व अर्द्धसैनिक बल को लगाया गया है। विभिन्न जगह पैदल मार्च किया गया है। छह ड्रोन कैमरों से निगरानी कराई जाएगी। 250 जगह पर सीसीटीवी लगाए गए हैं। इंटरनेट सेवा बृहस्पतिवार दोपहर ही बंद कर दी गईं। स्कूलों में अवकाश किया गया है। बिजनौर में 31 प्रदर्शनकारियों पर मुकद्दमे दर्ज हुए, जिनमें 215 नामजद और 5400 से ज्यादा अज्ञात आरोपी हैं इनमें 146 आरोपियों की गिरफ्तारी हो गई है।
मुजफ्फरनगर
शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। जुमे की नमाज के बाद अधिकारी लोगों को नमाज के बाद सड़कों पर नहीं आने के लिए समझा रहे हैं। एक सप्ताह पूर्व हुए उपद्रव वाले स्थानों में मदीना चौक, कच्ची सड़क, मीनाक्षी चौक, फक्करशाह चौक व अन्य स्थलों पर भी फोर्स तैनात कर दी गई है। इसी बीच बृहस्पतिवार को सरवट क्षेत्र में विवादित पोस्टर लगाकर कुछ लोगों ने शहर की फिजा बिगाड़ने की कोशिश की। पुलिस ने तत्काल उक्त पोस्टर उतारकर कब्जे में ले लिए। उपद्रव को लेकर मुजफ्फरनगर में 40 मुकदमे दर्ज हुए, जिनमें 258 नामजद और 6000 से ज्यादा अज्ञात आरोपी हैं। इनमें से 73 की गिरफ्तारी हो चुकी है।
सहारनपुर
बीती जुमे की नमाज के बाद नागरिकता संशोधन कानून के विरोध को देखते हुए जिले में अलर्ट घोषित कर दिया है। बृहस्पतिवार दोपहर को ही इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गईं। पुलिस अधिकारियों ने जिले भर में पैदल मार्च निकालकर शांति बनाए रखने की अपील की। देवबंद में जुलूस, धरना प्रदर्शन और रैली आदि पर पूर्णत: पाबंदी लगा दी गई है।
बागपत
बागपत को चार जोन और 16 सेक्टर में बांट दिया गया है। चप्पे-चप्पे पर फोर्स तैनात है। उधर, शामली जिले को चार सुपर जोन, नौ जोन और 58 सेक्टर में बांटकर सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। 10 क्यूआरटी और एक कंपनी पीएसी को संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात किया है। कैराना पर खास फोकस रहेगा। डीएम और एसपी ने शांति समितियों की बैठक कर शांति की अपील की। जिले में इंटरनेट सेवाओं को बृहस्पतिवार देर शाम से शुक्रवार शाम चार बजे तक बंद करने के निर्देश दिए हैं।
और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS