Lok Sabha Election Result 2019 : उत्तराखंड में भाजपा का फिर से क्लीन स्वीप, हरीश रावत की सबसे बड़ी हार

पूरे देश में मोदी लहर इस कदर चली कि ज्यादातर राज्यों में विपक्षी पार्टियां एक सीट के लिए तरस गई। भाजपा द्वारा उत्तराखंड में भी क्लीन स्वीप किया गया। सूबे की सभी पांचों सीटों पर पिछले लोकसभा चुनाव की तरह इस चुनाव में भी सभी पांचों सीटे जीत ली गई हैं। इस बड़ी जीत में सबसे बड़ी बात ये कि पिछले चुनाव के मुकाबले इस बार प्रदेश में भाजपा ने सर्वाधिक मत प्रतिशत से जीत हासिल की है। भाजपा को 60.7 प्रतिशत वोट मिले।
पौड़ी गढ़वाल लोकसभा सीट पर भाजपा के तीरथ सिंह रावत ने कांग्रेस के मनीष खंडूरी को 302669 वोटों से करारी शिकस्त दी। गुरु शिष्य और गुरु पुत्र के बीच की इस जंग से बीसी खंडूड़ी दूर रहे, इसका नुकसान पुत्र मनीष को हुआ। सैनिकों और पूर्व सैनिकों की सर्वाधिक संख्या वाली सीट पौड़ी पर राष्ट्रवाद का मुद्दा सर्वाधिक हावी रहा।
नैनीताल लोकसभा सीट पर कांग्रेस ने प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को मैदान में उतारा, उनका मुकाबला भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट से हुआ जहां अजय ने हरीश रावत को 339096 वोटों से हराया। प्रदेश में हरीश रावत के नाम सबसे बड़ी हार दर्ज हो गई।
टिहरी लोकसभा सीट पर राजपरिवार ने अपना वर्चस्व बरकरार रखते हुए भाजपा प्रत्याशी राज्य लक्ष्मी शाह ने कांग्रेस के प्रीतम सिंह को 300586 वोटों से हराया। टिहरी में कांग्रेस की ये लगातार तीसरी हार है।
अल्मोड़ा सीट पर भाजपा ने अजय टम्टा को मैदान में उतारा, टम्टा ने कांग्रेस के प्रत्याशी प्रदीप टम्टा को 232986 वोटों से हराया। चुनाव प्रचार के वक्त केद्रींय राज्य मंत्री अजय के खिलाफ सत्ता विरोधी लहर थी पर भाजपा की संगठनात्मक ताकत ने उनकी डूबती नैया को पार लगा दिया।
हरिद्वार लोक सभा सीट पर भाजपा के रमेश पोखरियाल निशंक और कांग्रेस के अंबरीश कुमार के बीच मुकाबला एकतरफा रहा। रमेश पोखरियाल निशंक ने कांग्रेस प्रत्याशी को 258729 वोटों से हराया। अल्पसंख्यक वोटों के बावजूद भाजपा ने इस सीट पर बड़ी जीत दर्ज की।
और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS