Knowledge News : आखिर क्यों पानी की बोतल पर बनाई जाती हैं लकीरें, जानिए कारण

हम बात चाहें इंसानों की करें या जानवरों की या फिर पेड़-पौधों की, एक चीज जो सबके लिए जरुरी है, वो है पानी। पानी के बिना जीवन की कल्पना करना भी बहुत मुश्किल है। बहुत बार ऐसा होता है, जब हम घर से बाहर जाते हैं तो हमें काफी प्यास लगती है। ऐसे में हम तुरंत अपनी प्यास बुझाने के लिए दुकान से पानी की बोतल (Water Bottle) खरीद लेते हैं। क्या आपने कभी उन प्लास्टिक की पानी की बोतल को ध्यान से देखा है। अगर हां, तो आपने उस बोतल पर बनी लकीरें भी देखी होंगी। यह लकीरें किसी एक ब्रांड पर नहीं बल्कि लगभग हर ब्रांड की पानी की बोतलों पर बनी होती हैं। क्या आप जानते हैं कि ये लकीरें क्यों बनी होती हैं। अगर आप सोच रहे हैं कि ये डिजाइन के लिए है तो हम आपको बता दें ऐसा नहीं है, डिजाइन के साथ-साथ इसके पीछे और भी कई तथ्य मौजूद है। चलिए जानते हैं उनके बारे में।
मजबूती
सबसे पहले तो हम आपको बता दें कि पानी की बोतल को तैयार करने के लिए हार्ड प्लास्टिक के जगह पर सॉफ्ट प्लास्टिक का इस्तेमाल किया जाता है। ऐसे में बोतल पर लकीरें बना देने से उनको थोड़ी मजबूती मिल जाती है। अगर इन लकीरों को ना बनाया जाए तो वो इतनी सॉफ्ट प्लास्टिक से बनीं होती हैं कि उनका बार-बार मुड़ने का डर बना रहेगा। इसके अलावा पानी से भरी सॉफ्ट प्लास्टिक वाली बोतलें गिरते ही फट भी सकती हैं।
ग्रिप होगी बेहतर
पानी की बोतल सॉफ्ट प्लास्टिक से बनाई जाती है इसलिए अगर पानी की बोतलों को सीधा और सपाट बनाया जाएगा तो वह हाथ से फिसलती रहेंगी। इससे कहीं भी बोतलों को लेकर जाना बहुत मुश्किल हो जाएगा। अपने ग्राहकों की सहुलियत के लिए कंपनियां इन बोतलों पर लकीरें बना देती हैं, जिससे बोतल पकड़ते समय ग्रिप बनी रहे।
डिजाइन भी है वजह
इसके साथ ही बाजार में हर चीजों का मुकाबला होता है। ऐसे में अगर कोई एक ब्रांड क्वालिटी या अलग डिजाइन उपलब्ध करा रहा है तो प्रतियोगिता में बनें रहने के लिए दूसरे ब्रांड को भी वही चीज करना अनिवार्य हो जाता है। इसलिए यह भी इक वजह है कि बाजार में मौजूद सभी कंपनियां पानी की बोतलों को ज्यादा स्टाइलिश दिखाने के लिए उन पर लकीरें बना देती है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS