एचएसएससी हरियाणा कांस्टेबल भर्ती के लिए नया नोटिफिकेशन करेगा जारी

हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) पुलिस कांस्टेबलों की भर्ती के लिए एक नया नोटिफिकेशन जारी करेगा, क्योंकि इस नोटिफिकेशन को वापस ले लिया गया था। सरकार का दावा है कि इस कदम का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) से संबंधित उम्मीदवारों को इन वैंकेंसियों के लिए आवेदन करने का अवसर देना है।;

Update: 2020-12-30 06:15 GMT

हरियाणा सरकार ने छह हजार पुरुष और महिला कांस्टेबल की भर्ती रद्द कर नए सिरे से प्रक्रिया शुरू करने का निर्णय लिया है। अब पुलिस विभाग में 7298 पद भरे जाएंगे, जिसमें 5500 पुरुष और 1100 महिला कांस्टेबल के होंगे। इसके साथ ही प्रदेश में पहली बार 698 पदों के साथ दुर्गा-वन महिला बटालियन गठित की जाएगी।

नई भर्ती में आर्थिक रूप से कमजोर अभ्यर्थियों को आयु में पांच साल की छूट मिलेगी। पुलिस विभाग ने कर्मचारी चयन आयोग को छह हजार पदों की जगह अब 7298 पदों पर भर्ती का नया पत्र भेजा है। छह हजार पदों के लिए लगभग पांच लाख युवाओं ने आवेदन किया हुआ है। एडीजीपी, मुख्यालय कला रामचंद्रन ने मंगलवार को हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी) को पत्र भेजकर छह हजार पुलिस कर्मियों की भर्ती प्रक्रिया रद्द करने और दस फीसदी पद बढ़ाते हुए नए सिरे से भर्ती प्रक्रिया पूरी करने का आग्रह किया है। 

इस पत्र के मद्देनजर आयोग ने भर्ती प्रक्रिया रद्द करने का नोटिस जारी किया है। अब एचएसएससी वन टाइम रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया के तहत नई भर्ती सिरे चढ़ाएगा। दुर्गा-वन बटालियन एचएपी मधुबन में रहेगी व विभिन्न जगहों पर इसका इस्तेमाल किया जाएगा। इस बटालियन के लिए महिला पुलिस कर्मियों की अलग से भर्ती होगी। 

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने विधानसभा में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को आयु में पांच साल की छूट प्रदान करने की घोषणा की थी।

लाखों युवक इस घोषणा का लाभ हासिल नहीं कर पा रहे थे, क्योंकि उनकी घोषणा से पहले ही छह हजार पुलिसकर्मियों की भर्ती प्रक्रिया हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग शुरू कर चुका था। इस भर्ती में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के ज्यादा युवा शामिल हो सकें, इसलिए पुलिस ने नए सिरे से भर्ती प्रक्रिया शुरू करने का अनुरोध आयोग से किया है।

Tags:    

Similar News