सड़क हादसे में होमगार्ड की मौत, युवक गंभीर रूप से घायल
नई दिल्ली के ज्योति नगर थाना इलाके में एक मालवाहक टेंपो ने बाइक सवार होमगार्ड समेत दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों बाइक से नीचे गिर गए। इसी दौरान टेंपो चालक का पहिया होमगार्ड के सिर पर चढ़ गया। सूचना मिलते ही पुलिस दोनों को लेकर अस्पताल गई, जहां डॉक्टरों ने होमगार्ड को मृत घोषित कर दिया।;
नई दिल्ली के ज्योति नगर थाना इलाके में एक मालवाहक टेंपो ने बाइक सवार होमगार्ड समेत दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों बाइक से नीचे गिर गए। इसी दौरान टेंपो चालक का पहिया होमगार्ड के सिर पर चढ़ गया। सूचना मिलते ही पुलिस दोनों को लेकर अस्पताल गई, जहां डॉक्टरों ने होमगार्ड को मृत घोषित कर दिया। मृतक का नाम देशपाल (45) है।
वहीं, घायल अमन (22) का अस्पताल में उपचार चल रहा है। हादसे के बाद चालक टेंपो को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने देशपाल के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने टेंपो जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, देशपाल, पूर्वी गोकुलपुरी में सपरिवार रहते थे। परिवार में पत्नी, बेटा प्रताप सिंह व आशू समेत अन्य सदस्य हैं। वह होमगार्ड की नौकरी करते थे। उनकी तैनाती डीटीसी बस में थी। वही, अमन बुराड़ी, संत नगर में रहता है। वह शाहदरा में एक टूर एंड ट्रेवेल्स के पास काम करता है। शुक्रवार रात करीब 12 बजे अमन काम खत्म कर बाइक से घर जा रहा था। जैसे ही वह दुर्गापुरी चौक पर पहुंचा। इसी दौरान देशपाल ने उससे लिफ्ट मांगी।
अमन ने देशपाल को अपनी बाइक पर बैठा लिया। जैसे ही अमन ने दुर्गापुरी चौक की रेड लाइट पार की, तभी एक तेज रफ्तार मालवाहक टेंपो ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों गिर गए। इसी दौरान टेंपो का पहिया देशपाल के सिर पर चढ़ गया। हादसे के बाद चालक टेंपो से उतरकर मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस दोनों को लेकर अस्पताल गई, जहां डॉक्टरों ने देशपाल को मृत घोषित कर दिया।