सीएए पर लोकसभा में कांग्रेस की अगुवाई में विपक्ष ने किया हंगामा

लोकसभा में सभी विपक्षी दलों ने कांग्रेस की अगुवाई में सीएए कानून पर जमकर हंगामा मचाया। विपक्षी सांसद अनुराग ठाकुर गो बैक, गो बैक, शेम-शेम, शेम-शेम के नारे लगाते रहे।;

Update: 2020-02-04 04:01 GMT

सोमवार को संसद के बजट सत्र के तीसरे दिन की कार्रवाई की शुरुआत लोकसभा में कांग्रेस की अगुवाई में विपक्ष के हंगामे और नारेबाजी के साथ हुई। सुबह प्रश्नकाल शुरु होते ही कांग्रेस, डीएमके के सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के आसन के पास खड़े होकर नो टू सीएए, एनआरसी एंड एनपीआर, सेव इंडिया, सेव अवर कांसीट्यूशन और प्रधानमंत्री जवाब दो, देश तोड़ना बंद करो, गोली मारना बंद करो के नारे लगाते हुए शोरशराबा करना शुरु कर दिया। इसमें एआईएमआईएम के प्रमुख अस्सासुद्दीन औवेसी और बसपा के सांसदों ने अपनी-अपनी सीटों पर खड़े होकर कांग्रेस के इस विरोध का समर्थन किया।

अनसुनी कर दी शांति की अपील

हंगामे के बीच कई बार लोस अध्यक्ष और संसदीय कार्य मंत्रालय से जुड़े दोनों मंत्रियों की ओर विपक्षी सांसदों से हंगामे के दौरान की जा रही नारेबाजी में शामिल विषयों को राष्ट्रपति अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर होने वाली चर्चा के दौरान वस्तिार से उठाने की अपील की गई। लोकसभा अध्यक्ष ने कहा, संविधान तभी बचेगा, जब सदन में चर्चा होगी। लोकतंत्र तभी बचेगा जब आप लोग अपनी सीटों पर जाकर प्रश्न पूछेंगे।

संसद में आपके क्षेत्र की जनता ने आपको नारे लगाने के लिए नहीं बल्कि अपने क्षेत्र से जुड़े हुए सवाल पूछने के लिए भेजा है। इसलिए आप लोग अपनी सीटों पर चले जाएं और सदन में शांति बनाए रखें। लेकिन इसका हंगामा कर रहे सांसदों पर कोई फर्क नहीं पड़ा। इतना ही नहीं यह सिलसिला वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर द्वारा प्रश्नकाल में उनके विभागीय मंत्रालयों से जुड़े प्रश्नों का जवाब देते वक्त भी जस का तस चलता रहा।

विपक्षी सांसद अनुराग ठाकुर गो बैक, गो बैक, शेम-शेम, शेम-शेम के नारे लगाते रहे। जिसके बाद करीब 12 बजकर 10 मिनट पर लोस अध्यक्ष ने सदन की कार्रवाई को दोपहर डेढ़ बजे तक के लिए स्थगित कर दिया।

गोली से बंद नहीं होगी बोली

हंगामे के बीच लोकसभा में कांग्रेस के नेता सदन अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि संविधान बचाने के लिए देश की आम जनता प्रदर्शन कर रही है। उसके ऊपर गोली चलाई जाती है। आम लोगों का खून होता है। यह सरकार गोली से आम लोगों की बोली बंद नहीं कर सकती है। उधर एआईएमआईएम प्रमुख अस्सासुद्दीन औवेसी ने कहा कि हम जामिया के तमाम बच्चों के साथ हैं। यह सरकार बच्चों को मार रही है। शर्म करो। हम बच्चों के साथ हैं।


Tags:    

Similar News