रुपए के लेन-देन के चलते फाइनेंसर व उसके सहयोगी की गोली मारकर हत्या, एक आरोपी गिरफ्तार
पुलिस की माने तो आरोपियों ने रुपए के लेन देन की वजह से दोनों की हत्या की है। शाहबाद डेरी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।;
दिल्ली के मुनक नहर से गत 17 अक्टूबर को मिले दो लोगों के शवों की शिनाख्त हो गई है। मृतकों की पहचान अमित हुड्डा (30) और उसके सहयोगी निखिल गुलाटी (40) के रूप में हुई। दोनों की हत्या गोली मारकर की गई है। पुलिस की माने तो आरोपियों ने रुपए के लेन देन की वजह से दोनों की हत्या की है। शाहबाद डेरी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी का नाम एंथनी है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मुख्य आरोपी नवीन की तलाश में छापेमारी कर रही है।
डीसीपी (आउटर-नॉर्थ) गौरव शर्मा ने बताया कि जयदीप नामक एक शख्स ने गत 15 अक्तूबर को शाहबाद डेयरी थाने में अपने भाई अमित और उसके सहयोगी निखिल के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। गत 17 अक्टूबर को दोनों के शव मुनक नहर से बरामद हुए। पुलिस को उनके पास से कोई दस्तावेज नहीं मिले, जिनसे उनकी शिनाख्त हो सके। इसलिए केएन काटजू मार्ग थाना पुलिस ने दोनों के शवों को अज्ञात में मोर्चरी में रखवा दिया।
इसके बाद पुलिस ने जयदीप को दो शव मिलने की सूचना दी। सूचना मिलने के बाद जयदीप का परिवार हरियाणा से दिल्ली आया और बाद में शवों की शिनाख्त अमित और निखिल के रूप में हुई। जयदीप ने बताया कि अमित रोहिणी में काफी समय से प्राइवेट फाइनेंसर का काम करता था। अमित का नवीन के साथ रुपए का काफी लेन देन था। गत 14 अक्टूबर की रात आठ बजे अमित निखिल के साथ दीपेंद्र की गाड़ी से नवीन के पास रुपए लेने प्रहलादपुर आये थे। रात करीब 10 बजे परिजनों ने अमित को फोन किया तो उसका नंबर नहीं मिला।
इसके बाद परिजनों ने उसे बहुत तलाशा मगर उसका कुछ पता नहीं चला। बाद में अमित के परिजन नवीन के घर गए तो उन्हें पता चला कि बीती रात से वह भी गायब है। इस पर उन्हें शक हुआ कि नवीन ने अमित और निखिल को अगवा कर लिया है। इसके बाद उन्होंने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। 15 अक्टूबर को परिजनों ने फिर से अमित के नंबर पर फोन किया तो एक शख्स ने फोन उठाया। उसने परिजनों को बताया कि उसे फोन पड़ा हुआ मिला था। शाहबाद डेयरी थाना पुलिस ने दोहरा हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
राजधानी में हत्या के मामले लगातार बढ़ते जा रहे है। आरोपी मामूली कहासुनी व रंजिश के चलते हत्या करने से नहीं चूकते है। शाहबाद डेरी थाना इलाके में रुपये के लेन-देन के चलते दो आरोपियों ने फाइनेंसर अमित हुड्डा (30) और उसके सहयोगी निखिल गुलाटी (40) की गोली मारकर हत्या कर दी। वहीं, दयालपुर थाना इलाके में पॉलीथीन में रस्क न देने पर एक शख्स ने बेकरी कर्मचारी खलील अहमद (45) के मुंह पर ईंट दे मारी।
उसे घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उधर, ज्योति नगर थात्रा क्षेत्र में थप्पड़ का बदला लेने के लिए दो गुट आपस में भिड़ गए। इस दौरान तीन लोग घायल हो गए। अस्पताल में भर्ती कराने पर डॉक्टरों ने फैजान (22) को मृत घोषित कर दिया। जबकि घायल अमान और नवेद का उपचार जारी है। पुलिस ने तीनों ही मामलों में केस दर्ज कर लिया है।
और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App