बर्थ-डे पार्टी में गए युवक की गोली मारकर हत्या, पांच गिरफ्तार
जांच में पुलिस को पता चला कि आदर्श घटना के दौरान लालबाग में रहने वाले अपने एक दोस्त के बर्थडे पार्टी में शामिल होने आया था। मृतक के चाचा राजेंद्र ने बताया कि उनके परिवार से मुकेश बोना नाम के बदमाश का विवाद चल रहा है।;
दिल्ली आदर्श नगर थाना इलाके में दोस्त की बर्थ-डे पार्टी में गए एक लड़के की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक का नाम आदर्श है। पुलिस ने मामले को सुलझाते हुए पांच लोगों को पकड़ा है। आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है। डीसीपी (नॉर्थ-वेस्ट) विजयंता आर्या ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के नाम विशाल, नरेश, ललित और रंजित है।
पुलिस ने इनके पास से चार पिस्टल और कारतूस बरामद किए हैं। शुरूआती पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मृतक ने कुछ दिन पहले एक आरोपी को थप्पड़ मार दिया। जिसका बदला लेने के लिए आरोपियों ने उसकी हत्या की है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, आदर्श, मुकुंदपुर गांव में अपने दादा दादी के साथ रहता था। सोमवार रात पुलिस को लालबाग में आदर्श को गोली मारे जाने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस घायल को अस्पताल लेकर गई, जहां उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की शिनाख्त आदर्श के रूप में हुई। जांच में पुलिस को पता चला कि आदर्श घटना के दौरान लालबाग में रहने वाले अपने एक दोस्त के बर्थडे पार्टी में शामिल होने आया था। मृतक के चाचा राजेंद्र ने बताया कि उनके परिवार से मुकेश बोना नाम के बदमाश का विवाद चल रहा है।
मुकेश फिलहाल तिहाड़ में बंद है। मुकेश ने कुछ दिनों पहले आदर्श की हत्या करने की धमकी दी थी। इस पर उन्होंने पुलिस को इसकी शिकायत दी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। करीब दस दिन पहले आरोपियों ने आदर्श के पैर में गोली भी मारी थी। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया था। लेकिन मुख्य आरोपी अभी भी फरार चल रहा है।
और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App