अनिल चौधरी ने किया बदरपुर बॉर्डर से यात्रा रूट का दौरा, पोस्ट बैनर लगने शुरू
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के दिल्ली आगमन में एक दिन शेष बचा है, ऐसे में प्रदेश कांग्रेस कमेटी भी तैयारियों को अंतिम रूप में जुटी है। गुरूवार को प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार चौधरी, पूर्व सांसद रमेश कुमार, पूर्व विधायक विजय लोचव व अन्य नेताओं ने बदरपुर बॉर्डर व अन्य जगहों का दौरा किया।;
नई दिल्ली। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के दिल्ली आगमन में एक दिन शेष बचा है, ऐसे में प्रदेश कांग्रेस कमेटी भी तैयारियों को अंतिम रूप में जुटी है। गुरूवार को प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार चौधरी, पूर्व सांसद रमेश कुमार, पूर्व विधायक विजय लोचव व अन्य नेताओं ने बदरपुर बॉर्डर व अन्य जगहों का दौरा किया। राहुल की यात्रा शनिवार को फरीदाबाद से आते हुए बदरपुर बॉर्डर से ही दिल्ली में प्रवेश करेगी। ऐसे में प्रदेश कांग्रेस का पूरा ध्यान इस यात्रा मार्ग में कहीं कोई कमी ना हो इसके लिए लगातार दौरे किए जा रहे है और कमियों को दूर किया जा रहा है।
यात्रा को अभूतपूर्व बताने का दावा करने वाले प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार के दिशा निर्देश पर यात्रा मार्ग पर अभी से राहुल गांधी के झंडे, पोस्टर व बैनर आदि लगने शुरू हो गए है। प्रदेश की तरफ से बकायदा डिजिटल रथ निकल चुका है जो दिल्ली में जगह जगह लोगों को बता रहा है कि शनिवार को राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा दिल्ली में आ रही है। इस बारे में प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार ने कहा कि कोई कुछ भी कर ले लेकिन जनसैलाब बन चुकी भारत जोड़ो यात्रा में जुड़ने के लिए प्रत्येक दिल्लीवासी अति उत्साहित है, भारत जोड़ो यात्रा दिल्ली में ऐतिहासिक होगी।
उन्होंने बताया कि शनिवार को सुबह 6 बजे हरियाणा से दिल्ली के बदरपुर बार्डर से दिल्ली में आते समय हरियाणा प्रदेश कांगेस कमेटी के अध्यक्ष उदय राहुल गांधी की मौजूदगी में राष्ट्रीय ध्वज दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष को सौपेंगे। भारत जोड़ो यात्रा बदरपुर बार्डर से शुरु होकर लाल किला तक जाएगी, यात्रा में आश्रम चौक पर 2 घंटे के विश्राम के लिए रुकेगी। उन्होंने बताया कि 24 दिसम्बर 2022 को सायं 4.30 बजे भारत जोड़ो यात्रा का लाल किला पर समापन होगा। जिसके बाद में राहुल गांधी अन्य कांग्रेसी नेताओं के साथ शांति वन, शक्ति स्थल, वीर भूमि और राजघाट पर जाकर भारत की दिवंगत विभूतियों को श्रद्धाजंलि अर्पित करेंगे।
बता दें कि लगातार यात्रा को लेकर प्रदेश कांग्रेस जुटी हुई है। महज तीन दिन में यह दूसरी बार है जब प्रदेश अध्यक्ष ने राहुल की यात्रा रूट का दौरा किया है। जबकि अन्य नेता भी रूट से लेकर अन्य तैयारियों में व्यस्त है। सभी जिला व ब्लाक कांग्रेस को निर्देश दिए जा चुके है कि शनिवार को यात्रा के समय अधिक से अधिक संख्या में कार्यकर्ता व जनता को पहुंचना है। इसके लिए जिला अध्यक्ष व ब्लॉक अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी तय कर रखी है।