Ashok Pradhan Gang का शूटर गिरफ्तार, नीरज बवानिया की हत्या का बना रहे थे प्लान
नजफगढ़ इलाके में पुजारी पर फायरिंग करने वाले अशोक प्रधान गैंग के शूटर को क्राइम ब्रांच ने अरेस्ट किया है। पूछताछ में पता चला कि अशोक प्रधान और सिकंदर आजकल अपने प्रतिद्वंद्वी नीरज बवानिया और उसके गुर्गों की कोर्ट में पेशी के दौरान हत्या की योजना पर काम कर रहे थे।;
Delhi News: नजफगढ़ इलाके में पुजारी पर फायरिंग करने वाले शूटर को क्राइम ब्रांच ने अरेस्ट किया है। अशोक प्रधान गैंग के इस शूटर का नाम बापरौला, नांगलोई निवासी सिकंदर उर्फ रोहित है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पुजारी ने भंडारे का आयोजन किया था, लेकिन इलाके के दूसरे मंदिर के पुजारी सुशील दास को न्यौता नहीं दिया था। इससे दास खफा चल रहा था। उसके कहने पर इस वारदात को अंजाम दिया गया था।
पुलिस के अनुसार, 15 फरवरी को फायरिंग की यह घटना नजफगढ़ के राणा जी एनक्लेव में सामने आई थी। हमलावरों का निशाना आकाश नाथ नामक पुजारी था, लेकिन गोली से वह तो बाल बाल बच गया, उसका एक चेला घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस को आरोपी के नजफगढ़ छावला नाले के पास आने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की कार को ट्रेस किया और उसे दबोच लिया। आरोपी का कहना है कि पुजारी के चेले पर चलाई गई गोली उसके साथी प्रदीप उर्फ हब्बू ने चलाई थी। हब्बू रणहौला इलाके में दिल्ली पुलिस के सिपाही की प्रॉपर्टी विवाद के चलते हत्या में भी शामिल रहा है। पुलिस को पूछताछ में यह भी पता चला कि अशोक प्रधान और सिकंदर आजकल अपने प्रतिद्वंद्वी नीरज बवानिया और उसके गुर्गों की कोर्ट में पेशी के दौरान हत्या की योजना पर काम कर रहे थे।