MCD Elections Results 2022: AAP के इन दिग्गज नेताओं के गढ़ में BJP का खिला कमल

दिल्ली नगर निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी ने भले ही भारतीय जनता पार्टी को पछाड़ दिया हो। लेकिन आम आदमी पार्टी के कई नेता अपने ही गढ़ में पार्टी को जीत नहीं दिला पाए।;

Update: 2022-12-07 11:53 GMT

दिल्ली नगर निगम (MCD Election) चुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP) ने भाजपा को पछाड़ दिया है। अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में आप पार्टी ने 250 वार्डों वाली एमसीडी में पूर्ण बहुमत हासिल कर लिया है। लेकिन आम आदमी पार्टी के कई दिग्गज नेता अपने ही गढ़ में पार्टी को जीत दिलाने में असफल रहे। उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया से लेकर सत्येंद्र जैन तक आप के कई नेताओं के विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा ने जीत हासिल की है।

मनीष सिसोदिया, उपमुख्यमंत्री

उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया पटपड़गंज विधानसभा क्षेत्र के विधायक हैं। इनके क्षेत्र में वार्ड 196 मयूर विहार-2, वार्ड 197 पटपड़गंज, वार्ड 198 विनोद नगर और 199 मंडावली चार वार्ड शामिल हैं। जिसमें सिर्फ आम आदमी पार्टी को एक ही सीट पर जीत मिली है और भारतीय जनता पार्टी ने तीन वार्डों पर कब्जा कर लिया है।

सत्येंद्र जैन, कैबिनेट मंत्री

मनी लॉन्ड्रिंग मामले में तिहाड़ जेल में बंद कैबिनेट मंत्री सत्येंद्र जैन शकूर बस्ती विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। इनके क्षेत्र में वार्ड 58 सरस्वती विहार, वार्ड 59 पश्चिम विहार और 60 रानी बाग तीन वार्ड शामिल हैं। जिसमें तीनों सीटों पर भारतीय जनता पार्टी ने कब्जा कर लिया है।

गोपाल राय, पर्यावरण मंत्री

दिल्ली सरकार में पर्यावरण मंत्री गोपाल राय बाबरपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। इनके क्षेत्र में वार्ड 233 सुभाष मोहल्ला, वार्ड 234 कबीर नगर, वार्ड 235 गोरख पार्क और 236 कर्दम पुरी चार वार्ड आते हैं। इनमें से आम आदमी पार्टी सिर्फ एक ही वार्ड पर जीत दर्ज कर पाई है। जबकि, भारतीय जनता पार्टी ने दो सीटों और कांग्रेस ने एक सीट पर जीत दर्ज की है।

कैलाश गहलोत, परिवहन मंत्री

दिल्ली सरकार में परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत नजफगढ़ विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। इनके क्षेत्र में वार्ड 126 ईसापुर, वार्ड 127 नजफगढ़, 128 दिचाऊं कलां और 129 रोशनपुरा वार्ड आते हैं। दिल्ली सरकार में मंत्री होते हुए भी कैलाश गहलोत अपने क्षेत्र से एक भी सीट आम आदमी पार्टी नहीं जीता पाए। यहां तीन सीटों पर भारतीय जनता पार्टी और एक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार ने जीत हासिल की है।

दिलीप पाण्डेय

हमेशा चर्चा में बने रहने वाले दिलीप पाण्डेय तिमारपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक है। इनके क्षेत्र में तीन वार्ड आते हैं। जिसमें से आम आदमी पार्टी को सिर्फ एक वार्ड पर जीत हासिल हुई है। वहीं, दो वार्डों पर भारतीय जनता पार्टी ने जीत हासिल की है।

आतिशी मार्लेना

कालका जी विधानसभा क्षेत्र से विधायक आतिशी मार्लेना भी पार्टी को एक सीट पर जीत दिलाने में असफल रहीं। इनके क्षेत्र में तीन वार्ड आते हैं। जहां तीनों सीटों पर भारतीय जनता पार्टी ने कब्जा कर लिया है।

सोमनाथ भारती

मालवीय नगर से विधायक सोमनाथ भारती के विधानसभा क्षेत्र में तीन वार्ड आते हैं। जिसमें से पार्टी को सिर्फ एक वार्ड पर जीत हासिल हुई है। दो सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की है।

अखिलेश पति त्रिपाठी

मॉडल टाउन से विधायक अखिलेश पति त्रिपाठी के विधानसभा क्षेत्र से भी आप को एक भी सीट पर जीत नहीं मिली। इनके क्षेत्र में तीन वार्ड आते हैं और तीनों वार्डों पर भाजपा ने कब्जा किया है। दिल्ली नगर निगम चुनाव के नतीजों से ये साफ है कि आप के कई दिग्गज नेता पार्टी को अपने क्षेत्र में ही जीत दिलाने में असफल रहे हैं।

Tags:    

Similar News