कांग्रेस निगम चुनावों में सबसे आगे, पूर्ण बहुमत से जनता सौप रही है सत्ता
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चौ अनिल कुमार ने रविवार को कई वार्डों में सघन प्रचार करते हुए दावा किया कि हमारे उम्मीदवार अन्य दलों से बहुत आगे चल रहे है, जनता पूर्ण बहुमत से निगम की सत्ता सौंपने जा रही है।;
नई दिल्ली। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चौ अनिल कुमार ने रविवार को कई वार्डों में सघन प्रचार करते हुए दावा किया कि हमारे उम्मीदवार अन्य दलों से बहुत आगे चल रहे है, जनता पूर्ण बहुमत से निगम की सत्ता सौंपने जा रही है। उन्होंने कहा कि हर तरफ प्रचार में कांग्रेस प्रत्याशियों को मिल रहे अपार जनसमर्थन से यह साफ हो गया है कि पार्टी निगम में अपना परचम फिर से लहराने जा रही है। रविवार को कांग्रेस ने प्रचार में अपनी पूरी ताकत झौंकते हुए करीब 150 जनसभाऐं, 100 से अधिक नुक्कड़ सभाऐं और अनेक जगह पदयात्राऐं निकाली।
इनमें अकेले प्रदेश अध्यक्ष चौ अनिल कुमार ने ही दर्जनों जनसभाओं को सम्बोधित किया और पदयात्रा की। उन्होंने कहा कि दिल्ली में झुग्गी झौपड़ी कॉलोनियों, जे.जे. कलस्टर, पुनर्वास कॉलोनियों व अनधिकृत कॉलोनियों के लोगों से भाजपा और आम आदमी पार्टी अपने 3-3 शासनकाल में जो वादे किए थे उनमें से एक भी वादा पूरा नहीं किया। भाजपा के 15 वर्षों तथा केजरीवाल के 8 वर्षों के कुशासन के चलते ही दिल्ली बदहाल हो गई। चुनाव प्रचार के दौरान दिल्ली भर की जनसभाओं में शीला दीक्षित वाली दिल्ली को याद करते हुए लोग दिखाई दिए और जनता अब निगम में कांग्रेस को लाने की तैयारी कर चुकी है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक वार्ड में कांग्रेस प्रत्याशियों का गर्मजोशी के साथ स्वागत हो रहा है और उन्हें भारी जनसमर्थन मिल रहा है। चौ अनिल ने पटपड़गंज वार्ड न 197 से कांग्रेस प्रत्याशी रत्ना शर्मा, त्रिलोकपुरी वार्ड न 191 से रंजना भारती और तुगलकाबाद वार्ड 178 से पूजा बिधूड़ी के साथ पदयात्रा की। उन्होंने लोगों से अपील की है कि आने 4 दिसम्बर को कांग्रेस को वोट देकर निगम की सत्ता के भागीदार बनें।