आश्रम फ्लाईओवर विस्तार का निर्माण कार्य इसी महीने होगा पूरा : सिसोदिया
आश्रम और उसके आस-पास के इलाके जल्द ही जाम मुक्त हो जाएंगे। यहां चल रहा आश्रम फ्लाईओवर का विस्तार कार्य इस माह पूरा हो जाएगा|;
नई दिल्ली। आश्रम और उसके आस-पास के इलाके जल्द ही जाम मुक्त हो जाएंगे| यहां चल रहा आश्रम फ्लाईओवर का विस्तार कार्य इस माह पूरा हो जाएगा| इसके बनने से आश्रम चौक और डीएनडी के बीच की 3 रेड लाइट कम हो जाएगी, जिससे वाहनों का आवागमन सुगम हो जाएगा| इस बात की जानकारी गुरुवार को उपमुख्यमंत्री व पीडब्ल्यूडी मंत्री मनीष सिसोदिया ने दी। उन्होंने गुरुवार को ऑन-साईट निरीक्षण कर निर्माण कार्यों के प्रगति की जांच की व इंजीनियरों को समय पर निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए| सिसोदिया ने कहा कि इतनी व्यस्त सड़क के बीचों-बीच फ्लाईओवर बनाना बेहद मुश्किल काम था लेकिन हमारे पीडब्ल्यूडी इंजीनियरों ने इसे संभव कर दिखाया| उन्होंने कहा कि आश्रम फ्लाईओवर विस्तार का निर्माण कार्य इस माह पूरा कर जनता को समर्पित करेंगे|
इस फ्लाइओवर का काम पूरा होने के बाद नोएडा के साथ दिल्ली के अन्य हिस्सों से दक्षिणी दिल्ली आने-जाने वाले लाखों लोगों को ट्रैफिक जाम से छुटकारा मिलेगा| बता दे कि इस परियोजना को कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद फ्लाईओवर विस्तार का निर्माण कार्य जून 2020 में शुरू हुआ था लेकिन उसके बाद कोरोना व लॉकडाउन तथा प्रदूषण के दौरान निर्माण गतिविधियों के बंद रहने के कारण लंबे समय तक फ्लाईओवर के विस्तार का कार्य रुका रहा तथा यहां निर्माण कार्य के लिए ट्रैफिक पुलिस से भी 1 साल में इजाजत मिली जिससे निर्माण कार्य की गति धीमी रही|
फ्लाईओवर का 95 फीसदी से ज्यादा काम हो चुका है पूरा
इंजीनियरों ने पीडब्ल्यूडी मंत्री को निरीक्षण के दौरान बताया कि फ्लाईओवर का 95 फीसदी से ज्यादा काम पूरा हो चुका है और अभी इसपर कारपेटिंग का कार्य जारी है जो जल्द पूरा हो जायेगा| इसके बाद फ्लाईओवर को ट्रैफिक के लिए खोल दिया जाएगा। इंजीनियरों ने बताया कि फ्लाईओवर के सभी पिलर खड़े किए जा चुके हैं और अब यहां उनपर सभी 146 गर्डर भी डाले जा चुके है| साथ ही नए और पुराने फ्लाईओवर को कनेक्ट करने का काम भी लगभग पूरा हो चूका है| इंजीनियरों बताया कि फ्लाईओवर के साथ-साथ उसके नीचे की सड़क की रिकारपेटिंग और उसके सौन्दर्यकरण का काम किया जायेगा साथ ही फूटपाथ को भी रिपेयर किया जायेगा|
फ्लाईओवर का काम पूरा होने के बाद लोगों को मिलेगा जाम से छुटकारा
इस फ्लाईओवर का काम पूरा होने के बाद नोएडा के साथ दिल्ली के अन्य हिस्सों से दक्षिणी दिल्ली आने-जाने वाले लाखों लोगों को ट्रैफिक जाम से छुटकारा मिलेगा| वर्तमान में नोएडा व गाजियाबाद से दक्षिणी दिल्ली आने-जाने वाले वाहनों को डीएनडी लूप से आश्रम चौराहे तक जाने के लिए जाम से जूझना पड़ता है। लेकिन फ्लाईओवर के पूरा होने के बाद लोगों को इस जाम से मुक्ति मिलेगी|