दिल्ली के चिड़ियाघर में मिले मृत पक्षियों में Bird Flu की पुष्टि नहीं, जानें पूरी डिटेल

दिल्ली सरकार के पशुपालन विभाग के निदेशक डॉ. राकेश सिंह ने बताया कि कुछ दिन पहले दिल्ली के चिड़ियाघर में चार सारस पक्षी मृत पाये गये थे। सोमवार को इनके 12 नमूने एकत्र किये गये और उन्हें जांच के लिए पशु रोग संस्थान भोपाल भेजा गया था।;

Update: 2021-01-22 09:32 GMT

Delhi Bird Flu दिल्ली के चिड़ियाघर में एक हफ्ते पहले मिले पक्षियों में बर्ड फ्लू की पुष्टि नहीं हुई है। चिड़ियाघर परिसर से सभी मृत सारस पक्षियों से लिए गए 12 नमूनों में बर्ड फ्लू नहीं पाया गया। दिल्ली सरकार के पशुपालन विभाग के निदेशक डॉ. राकेश सिंह ने बताया कि कुछ दिन पहले दिल्ली के चिड़ियाघर में चार सारस पक्षी मृत पाये गये थे। सोमवार को इनके 12 नमूने एकत्र किये गये और उन्हें जांच के लिए पशु रोग संस्थान भोपाल भेजा गया था। उन्होंने बताया कि सभी 12 नमूनों में बर्ड फ्लू की पुष्टि नहीं हुई है।

चिड़ियाघर में एक मृत उल्लू में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई थी

पिछले सप्ताह दिल्ली चिड़ियाघर में एक मृत उल्लू में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई थी। चिड़ियाघर के निदेशक रमेश पांडे ने बताया कि वे सभी दिशा-निर्देशों का पालन कर रहे हैं और स्थिति पर कड़ाई से निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि चिड़ियाघर परिसर में पक्षियों पर नजर रखने के लिए 'ईबर्ड' मोबाइल ऐप्लिकेशन का इस्तेमाल किया जा रहा है। यह पहला मौका है जब बर्ड फ्लू महामारी के दौरान पक्षियों की निगरानी और उन पर नजर रखने के लिए इस ऐप्लिकेशन का इस्तेमाल किया जा रहा है।

6 जनवरी से 21 जनवरी के बीच 1,338 पक्षियों के मरने की सूचना

बर्ड फ्लू की स्थिति के मद्देनजर दिल्ली में छह जनवरी से 21 जनवरी के बीच 1,338 पक्षियों के मरने की सूचना है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में विभिन्न जगहों लिए गये 207 नमूनों में से अब तक 24 में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है। अधिकारियों ने एक मृत कौवे में बर्ड फ्लू की पुष्टि होने के बाद मंगलवार को लोगों के लाल किला में प्रवेश पर शुक्रवार तक के लिए प्रतिबंध लगा दिया। लाल किला परिसर में 10 जनवरी को करीब 15 कौवे मृत पाये गये थे। पिछले सप्ताह नगर निगमों ने पार्कों में कौवों और बत्तखों से लिए गये नमूनों और राष्ट्रीय राजधानी की झीलों से लिए गये पक्षियों के नमूनों में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद मुर्गें-मुर्गियों तथा उनके प्रसंस्कृत मांस की बिक्री एवं भंडारण पर अस्थायी रोक लगा दी थी।

Tags:    

Similar News