Delhi Corona Vaccination Drive: दिल्ली में एक लाख लोगों को लगी कोरोना वैक्सीन, जानें पिछले 24 घंटे के आंकड़े
Delhi Corona Vaccination Drive: दिल्ली में अब तक कोविड-19 टीकाकरण किये गये लोगों की संख्या शनिवार को एक लाख के आंकड़े को पार कर गई, जिनमें अधिकतर स्वास्थ्यकर्मी हैं। दिल्ली में 9,500 से अधिक लोगों को टीका लगाया गया। इनमें अग्रिम मोर्चे के कर्मी भी शामिल हैं।;
Delhi Corona Vaccination Drive दिल्ली समेत देशभर में तेजी से कोरोना टीकाकरण अभियान (Corona Vaccination Drive) चल रहा है। अब ज्यादा से ज्यादा से लोग टीका लेने के लिए पंजीकरण करवा रहे है। वहीं देश में जिस तरह से कोरोना से बेखौफ होकर लोगों ने अपने वैज्ञानिकों पर विश्वास जताया है उसका नतीजा ये है कि आज भारत दुनिया में कम समय में सबसे अधिक लोगों को कोरोना वैक्सीन (CoronaVirus) देने वाला देश बन गया है। जिसको देखते हुये कहा जा सकता है कि आने वाले कुछ महीनों में भारत कोरोना पर विजय प्राप्त करने वाला पहला देश होगा।
शनिवार को दिल्ली में 9,500 से अधिक लोगों को टीका लगाया गया
दिल्ली में अब तक कोविड-19 टीकाकरण किये गये लोगों की संख्या शनिवार को एक लाख के आंकड़े को पार कर गई, जिनमें अधिकतर स्वास्थ्यकर्मी हैं। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। शनिवार को दिल्ली में 9,500 से अधिक लोगों को टीका लगाया गया। इनमें अग्रिम मोर्चे के कर्मी भी शामिल हैं। यह लक्षित संख्या का करीब 53 फीसदी है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि 17,900 लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य था, लेकिन 9510 लोगों को टीके की खुराक दी गई। नौ लोगों में टीके का प्रतिकूल असर देखा गया।
अग्रिम मोर्चे के कर्मियों के टीकाकरण की भी शुरूआत की गई
अग्रिम मोर्चे के कर्मियों के टीकाकरण की भी शुरूआत की गई है। उन्होंने बताया कि अग्रिम मोर्चे के कर्मियों को भी टीका लगाने का काम शुरू हो गया है। अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण पश्चिम, उत्तर, उत्तर पश्चिम, पूर्व और पश्चिम दिल्ली के जिलाधिकारी टीका लगवाने के लिए आगे आए और मिसाल पेश की। उन्होंने बताया कि कई पुलिस कर्मी भी टीका लेने के लिए आगे आए।
भारत में 54 लाख से अधिक लोगों को लगी वैक्सीन
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि देश में अब तक 54 लाख से अधिक लोगों को कोविड-19 रोधी टीका लगाया जा चुका है। मंत्रालय ने कहा कि अब तक कुल 54,16,849 लाभार्थियों को टीका लगाया गया है, जिनमें से उत्तर प्रदेश में सर्वाधिक 6,73,542 लोगों को टीका लगाया गया है। इसके बाद महाराष्ट्र में 4,34,943, राजस्थान में 4,14,422 और कर्नाटक में 3,60,592 लोगों को टीका लगाया गया है। इसने एक बयान में कहा कि भारत दुनिया का ऐसा पहला देश बन गया है, जिसने केवल 21 दिन में 50 लाख से अधिक लोगों का कोविड-19 टीकाकरण किया है।
दिल्ली में एक दिन मे मिले 123 नए मामले
राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को कोविड-19 के 123 नए मामले सामने आए और संक्रमित होने की दर 0.19 प्रतिशत दर्ज की गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। महामारी से चार और मरीजों की मौत हो गई, जिसके बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 10,877 हो गई। दिल्ली में अब तक संक्रमण के 6,35,916 मामले सामने आ चुके हैं। दिल्ली स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी एक बुलेटिन के अनुसार वर्तमान में 1,174 मरीज उपचाराधीन हैं।