Delhi Crime: मोबाइल लूटने का विरोध करने पर चाकू घोंप ले ली जान, मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार
Delhi Crime: सरिता विहार इलाके में गुरुवार रात मोबाइल लूटने का विरोध करने पर व्यक्ति को चाकू मारकर उनकी जान ले ली। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।;
Delhi Crime: सरिता विहार इलाके में गुरुवार रात लगभग 9:24 बजे एक व्यक्ति को चाकू मारकर घायल कर दिया गया। घायल को अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां करीब दो घंटे चले इलाज के बाद उसने दम तोड़ दिया। मृतक का नाम कनाई मलिक पुत्र स्व.तारेंदर नाथ मलिक निवासी गली नंबर 7, अमर सिंह पब्लिक स्कूल के पास, आली विहार बताया गया है। मृतक की उम्र 50 वर्ष थी। दक्षिण पूर्वी जिले के सरिता विहार थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
डीसीपी राजेश देव के अनुसार रात को एक व्यक्ति को चाकू मारकर मोबाइल फोन लूटने के संबंध में पीसीआर कॉल प्राप्त हुई थी। स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और पाया कि घायल शख्स को अस्पताल ले जाया गया है। रात 11 बजे उनकी मृत्यु हो गई। घटनास्थल का निरीक्षण एक मोबाइल फोरेंसिक अपराध टीम द्वारा किया गया। तस्वीरें ली गईं और वहां जमा भीड़ को भी हटाया गया। पूछताछ करने पर पता चला कि मृतक जसोला विहार स्थित डीएलएफ टावर बी स्थित एक फर्म में रिसेप्शनिस्ट के रूप में काम करता था। कोई प्रत्यक्षदर्शी इस घटना का पुलिस को नहीं मिला।
लूटपाट करने के बाद वे मौके से फरार हो गए थे आरोपी
मामले की गंभीरता को भांपते हुए आरोपियों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए कई टीमों का गठन किया गया। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी की जांच की गई और कुछ सुराग ढूंढने के लिए मुखबिरों का भी सहारा लिया गया। आखिर में एक मुखबिर से पता चला कि मुख्य आरोपी राज कुमार (19) पुत्र बिंटू निवासी मकान नंबर 654, सी ब्लॉक, गौतमपुरी, फेज वन, नई दिल्ली है। छापेमारी कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि रात लगभग 9 बजे उसने अपने साथियों कल्लू दादा और बिली उर्फ सोहेल के साथ मिलकर एक राहगीर का मोबाइल फोन लूट लिया था। जब राहगीर ने विरोध किया, तो उसने उसकी छाती में चाकू मार दिया। लूटपाट करने के बाद वे मौके से फरार हो गये थे। आरोपी के पास से लूटा गया मोबाइल फोन भी बरामद हो गया है। इसकी निशानदेही पर अन्य दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
ये भी पढ़ें...Delhi: एयरलाइंस के कर्मचारियों की मिलीभगत से करता था कीमती सामान की चोरी, 13 महंगी कलाई घड़ियों के साथ गिरफ्तार