दिल्ली सरकार ने अब तक 35 हजार बुजुर्गों को कराई तीर्थ यात्रा, जल्द ही अयोध्या में भव्य राम मंदिर के भी कराएंगे दर्शन

कोरोना महामारी का असर खत्म होते ही तीर्थ यात्रा फिर से शुरू की जाएगी। इस योजना को दो साल पहले 12 जुलाई 2019 को शुरू किया गया था। पहले इसमें सिर्फ आठ रूट जोड़े गए थे, बाद में चार और जोड़ दिए गए। अब अयोध्या को भी इस रूट से जोड़ा गया है। इसे मिलाकर कुल रूट 13 हो जाएंगे।;

Update: 2021-03-12 06:44 GMT

दिल्ली सरकार (Delhi Government) ने बुजुर्गों को अयोध्या में राम जन्मभूमि पर बन रहे भव्य राम मंदिर (Ram Temple) के दर्शन कराने की घोषणा कर चुकी है। अब दिल्ली में तीर्थ यात्रा योजना को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। दिल्ली सरकार की तीर्थ यात्रा विकास समिति के चेयरमैन कमल बंसल ने कहा है कि उनकी ओर से मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना (Chief Minister Pilgrimage Scheme) की तैयारियां पूरी कर ली हैं। बुजुर्गों के लिए फंड भी पर्याप्त मात्रा में है। लेकिन कोरोना महामारी (Corona Pandemic) के कारण इस योजना का संचालन नहीं किया जा रहा है।

महामारी का असर खत्म होते ही तीर्थ यात्रा फिर से शुरू की जाएगी। इस योजना को दो साल पहले 12 जुलाई 2019 को शुरू किया गया था। पहले इसमें सिर्फ आठ रूट जोड़े गए थे, बाद में चार और जोड़ दिए गए। अब अयोध्या को भी इस रूट से जोड़ा गया है। इसे मिलाकर कुल रूट 13 हो जाएंगे। इसके तहत अभी तक 36 ट्रेनें जाकर वापस आ चुकी हैं। 35 हजार बुजुर्गों ने अभी तक यात्रा की है।

सीएम केजरीवाल ने विधानसभा से किया था ऐलान

दिल्ली के वरिष्ठ नागरिकों को मुफ्त में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (CM Arvind Kejriwal) द्वारा अयोध्या की यात्रा कराने की घोषणा के एक दिन बाद भाजपा ने उन पर राम नाम का इस्तेमाल करते हुए राष्ट्रीय राजधानी के लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया। दिल्ली सरकार ने पलटवार करते हुए कहा कि सरकार के कार्यक्रम को लेकर भाजपा का विरोध बेतुका है और कहा कि जनभावना को ध्यान में रखते हुए यह घोषणा की गयी। केजरीवाल ने दिल्ली विधानसभा को संबोधित करते हुए बुजुर्गों के लिए मुफ्त तीर्थयात्रा की घोषणा की थी। मुख्यमंत्री ने कहा था कि मैं भगवान राम और हनुमान का भक्त हूं। हम दिल्ली की जनता की सेवा के लिए राम राज्य की संकल्पना से प्रेरित 10 सिद्धांतों का पालन कर रहे हैं।

दिल्ली के लोगों को गुमराह कर रही आम आदमी पार्टी: बीजेपी

दिल्ली भाजपा के प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने कहा कि सच ये है कि केजरीवाल दिल्ली के लोगों को गुमराह कर राजनीतिक मकसद से श्री राम और हनुमान के नाम का इस्तेमाल कर रहे हैं जो कि धार्मिक और सामाजिक दोनों तरीके से गलत है। उन्होंने कहा कि विधानसभा में मुख्यमंत्री द्वारा खुद को भगवान राम और भगवान हनुमान का भक्त बताए जाने का बयान हास्यास्पद हथकंडा है। बीजेपी ने दावा किया कि केजरीवाल दर्शन करने कभी अयोध्या नहीं गए। उन्होंने कहा कि ना तो उन्होंने ना ही उनकी पार्टी ने अयोध्या में श्री राम मंदिर के निर्माण के लिए कोई योगदान दिया। विहिप ने एक महीने तक चंदा संग्रह अभियान चलाया लेकिन ऐसी कोई सूचना नहीं है कि आम आदमी पार्टी ने कोई योगदान दिया।

Tags:    

Similar News