Delhi News: उत्तरी दिल्ली में सड़क धंसने से एक मजदूर की मौत, एक घायल
उत्तरी दिल्ली के विजय विहार इलाके में पानी की पाइपलाइन की मरम्मत के दौरान कंक्रीट की सड़क का एक हिस्सा धंसने से 25 वर्षीय एक मजदूर की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया।;
उत्तरी दिल्ली के विजय विहार इलाके में पानी की पाइपलाइन की मरम्मत के दौरान कंक्रीट की सड़क का एक हिस्सा धंस गया। सड़क का हिस्सा धंसने से 25 वर्षीय एक मजदूर की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया।
इस मामले में शुक्रवार को पुलिस ने जानकारी देते हुए कहा कि मृतक की पहचान हरेंद्र और घायल की पहचान सोनू (22) के रूप में हुई है। मृतक उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ के रहने वाले हैं। दिल्ली में वह एक किराए के मकान में रहते हैं और मजदूरी का काम करते हैं।
पुलिस ने कहा कि घटना बुधवार शाम की है। विजय विहार इलाके के लाल क्वार्टर के पास पानी की पाइपलाइन ठीक करने के दौरान कंक्रीट की सड़क का एक हिस्सा धंस गया। जिसके मलबे और मिट्टी में दबने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि एक घायल हो गया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि उन्हें निकाला गया और नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां हरेंद्र व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। जबकि सोनू का इलाज चल रहा है।
इस मामले में विजय विहार थाना पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 287 (मशीनरी के संबंध में लापरवाह आचरण), 304 ए (लापरवाही से मौत का कारण), 337 (जीवन को खतरे में डालने या दूसरों की व्यक्तिगत सुरक्षा) और 34 (सामान्य इरादे) के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसके साथ ही पुलिस ने कहा कि इस मामले को लेकर जांच जारी है।