निजामुद्दीन में गैंगवार: बदमाशों ने एक-दूसरे पर बरसाई गोलियां, दो बेगुनाह लोग घायल, पढ़िये विवाद की वजह
देश की राजधानी दिल्ली के निजामुद्दीन इलाके में दो गैंग के बीच आपस में जमकर फायरिंग हुई। इस गोलीकांड में दो बेकसूर लोगों को गोली लग गई। गोली लगने के बाद से दोनों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। पढ़िये किस विवाद के चलते दोनों गुट आपस में भिड़े...;
देश की राजधानी दिल्ली के निजामुद्दीन इलाके में दो गैंग के बीच आपस में जमकर फायरिंग हुई। इस गोलीकांड में दो बेकसूर लोगों को गोली लग गई। गोली लगने के बाद से दोनों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
दिल्ली का भीड़-भाड़ वाला इलाका निजामुद्दीन बुधवार को गोलियों की आवाज से खौफजदा हो गया। जब दिन-दहाड़े बदमाशों के दो गैंग आमने-सामने आ गए। गोलीबारी के बीच में दो बेगुनाह लोग फंस गए। दोनों गोली लगने से घायल हो गए। फायरिंग कितने राउंड हुई है, इस बात को मौके पर मौजूद पुलिस भी नहीं बता पा रही है। गोलियां रूक-रुककर चलाई गई। इतने भीड़ भरे इलाके में हुए गोलीकांड से लोगों ने इधर-उधर भागकर अपनी जान बचाई। एकदम अफरा-तफरी का माहौल हो गया।
दो गैंग के बीच हुई फायरिंग
फिलहाल मौके पर मौजूद दिल्ली पुलिस के एसीपी स्तर के एक अधिकारी ने बताया कि बदमाशों के दो गैंग्स के बीच हुई गोलीबारी में निखिल नाम के हत्यारोपी के ऊपर गोलियां पहले चलाई गईं। उसके बाद निखिल पक्ष की ओर से भी जवाबी फायरिंग की गई। जिसमें दो लोगों के जख्मी होने की सूचना मिली। अभी घायलों को एम्स के ट्रामा सेंटर में इलाज के लिए भेज दिया गया है। मौके पर उपस्थित लोगों ने बताया कि गोलीकांड में घायल होने वाले दोनो लोग बेकसूर हैं। मगर हम जांच-पड़ताल के बाद ही इस बारे में बता पाएंगे।
पुलिस जांच में जुटी, इलाके में डर का माहौल
घटना के बाद इलाके में डर का माहौल बना हुआ है। बाहर निकलने से पहले लोगों के दिल में डर की झलक साफतौर पर देखी जा सकती है। वहीं, पूरे इलाके को पुलिस ने लिया है। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई है। सभी चौराहों और चेक पोस्ट पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, ताकि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके। पुलिस ने बदमाशों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।