Delhi Road Accident: डीटीसी की बस सबवे में घुसी, तीन घायल, जानें इस साल की DTC से जुड़ी बड़ी घटनाएं
दिल्ली में एक बार फिर से डीटीसी बस का एक्सीडेंट हो गया है। जहां डीटीसी बस एक कार को बचाने के चक्कर में बेकाबू होकर सबवे में जा घुसी है। इस हादसे में बस सवार 3 लोग घायल हो गए। पढ़िए हाल हुई तमाम बड़ी बस दुर्घटनाएं...;
दिल्ली में रोड एक्सीडेंट का खतरनाक मंजर देखने को मिला है। यह दुर्घटना आज गुरुवार को दिल्ली के नारायणा रिंग रोड पर हुई है। जहां एक तेज रफ्तार डीटीसी बस बेकाबू होकर सबवे में घुस गई। यह नजारा इतना खौफनाक था कि देखने वालों की आंखें फटी की फटी रह गई। DTC बस एक कार को बचाने के चक्कर में बेकाबू हो गई और सबवे में जा घुसी। हादसे के दौरान बस में सवार ड्राइवर, कंडक्टर और मार्शल बुरी तरह घायल हो गए। गनीमत रही की कार में मौजूद दो यात्री सुरक्षित बच गए।
दिल्ली में इस साल हुए बस एक्सीडेंट
8 जनवरी: राजधानी दिल्ली में 8 जनवरी रविवार की रात को दो अलग-अलग सड़क हादसे हुए। तिमारपुर इलाके में कलस्टर बस ने बाइक सवार 24 वर्षीय गोपी कुमार को कुचल दिया। उसकी मौके पर मौत हो गई। इसी रात पूर्वी दिल्ली के मधु विहार इलाके में मोमोज खाने निकले दो किशोरों को डीटीसी बस ने टक्कर मार दी। बाइक सवार रिशु (17) ने मौके पर दम तोड़ दिया, जबकि उसका 14 वर्षीय ममेरा भाई बुरी तरह घायल हो गया। पुलिस ने दोनों मामलों में बस को कब्जे में लेकर ड्राइवरों को हिरासत में लिया था।
10 जनवरी: दिल्ली के सराय रोहिल्ला के पास बेकाबू डीटीसी बस झुग्गियों में जा घुसी। हादसे में दो बच्चों समेत आठ लोग घायल हो गए, जिसमें बच्चों समेत कई लोगों की हालत गंभीर थी। पुलिस ने भी इस मामले में आरोपी बस चालक को हिरासत में ले लिया था।
30 जनवरी: दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल (IGI) स्टेडियम के पास सोमवार को चार स्कूल बसें आपस में टकरा गईं। इस घटना में कई बच्चों को मामूली चोटें लगी थीं और कुल बच्चों समेत 29 लोग घायल हो गए थे।
2021 में कुल 4,720 सड़क दुर्घटनाएं हुई
दिल्ली में सड़क दुर्घटना से होने वाली मौत की संख्या आपको चौंका सकती है। बता दें कि देश की राजधानी दिल्ली में साल 2021 में कुल 4,720 सड़क दुर्घटनाएं हुई थी। इन घटनाओं के शिकार हुए लोगों में से कुल 1,239 लोगों की जान चली गई थी।
2 August 2022: दिल्ली में दो बसों की आपस में भिड़ंत हो गई। इस दुर्घटना में 28 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालत गंभीर होने के कारण 25 लोगों को दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया गया, जबकि तीन लोगों को अस्पलात से छुट्टी दे दी गई।