Delhi Weather Updates: शीत लहर चलने से ठिठुरी राजधानी, अब तक का न्यूनतम तापमान दर्ज
Delhi Weather Updates: मंगलवार को बर्फ से ढके पश्चिमी हिमालय से बहने वाली बर्फीली हवाओं ने दिल्ली का पारा 4.1 डिग्री सेल्सियस तक नीचे ला दिया, जो इस मौसम में अब तक का शहर का न्यूनतम तापमान है।;
दिल्ली में सर्दी का कहर जारी है। पिछले तीन दिनों से दिल्ली में शीत लहर चलने से ठिठुरन ज्यादा बढ़ गई है। वहीं रोजाना के लिए काम पर जाने वाले लोगों को ठंड से परेशानी होने लगी है। वहीं पहाड़ों में बर्फबारी होने से मैदानी इलाकों में बर्फीली हवा चलने लगी है। मंगलवार को बर्फ से ढके पश्चिमी हिमालय से बहने वाली बर्फीली हवाओं ने दिल्ली का पारा 4.1 डिग्री सेल्सियस तक नीचे ला दिया, जो इस मौसम में अब तक का शहर का न्यूनतम तापमान है।
दिल्ली का पारा 4.1 डिग्री सेल्सियस तक गिरा
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने यह जानकारी दी। मैदानी इलाकों के लिए आईएमडी, न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे नीचे जाने पर शीतलहर घोषित कर देता है। आईएमडी के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा कि हालांकि दिल्ली जैसे छोटे इलाकों के लिए अगर एक दिन के लिए भी तापमान नीचे चला जाता है तो शीतलहर की घोषणा की जा सकती है। शहर के लिए मौसम संबंधी आंकड़े उपलब्ध करने वाली सफदरजंग वेधशाला के अनुसार मंगलवार सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम 4.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया वहीं जाफरपुर में पारा गिरकर 3.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
राजधानी में अभी और बढ़ेगी सर्दी
आईएमडी ने कहा कि आयानगर और लोधी रोड मौसम केंद्रों में न्यूनतम तापमान क्रमश: चार डिग्री सेल्सियस और 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले, राजधानी दिल्ली में आज सुबह घना कोहरा छाए रहने की वजह से विज़िबिलिटी (दृश्यता) काफी कम हो गई। दिल्ली के ज्यादातर इलाके में कोहरा छाये रहने से आने-जाने वाले लोगों को काफी दिक्कतों को सामना करना पड़ा। कुछ ऐसे ही तस्वीरें दिल्ली और एनसीआर से देखने को मिली। जहां कम विजिबिलिटी होने से यातायात व्यवस्था बिगड़ती नजर आई है।