Delhi Yamuna: यमुना में लगातार बढ़ता प्रदूषण, सफाई के लिए पुजारियों को विशेष प्रशिक्षण, LG ने की ये अपील
Delhi Yamuna: यमुना में लगातार बढ़ रहे प्रदूषण को रोकने के लिए सोमवार को यमुना के कन्वेंशन सेंटर में पुजारियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।;
Delhi Yamuna: यमुना में लगातार बढ़ रहे प्रदूषण को रोकने के लिए सोमवार को यमुना के कन्वेंशन सेंटर में पुजारियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे और उन्होंने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए लोगों को जागरूक करने और बदलाव लाने वालों की भूमिका निभाने का आग्रह किया। बता दें कि उपराज्यपाल ने रामनवमी पर अपील की थी कि धार्मिक कचरे को यमुना में ना बहाया जाए। इसी को लेकर यह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
उपराज्यपाल ने कहा कि पुजारी और पुरोहित विभिन्न आध्यात्मिक और सांस्कृतिक प्रथाओं के संरक्षक और मार्गदर्शक के रूप में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इन धार्मिक आयोजनों में जो कचरा उत्पन्न होता है, उसे यमुना में फेंक दिया जाता है। इस तरह के निस्तारण से यमुना में प्रदूषण होता है। इस संदर्भ में, यमुना प्रदूषण को रोकने और नदी की पवित्रता की रक्षा करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि इसे ध्यान में रखते हुए इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में शहर भर के पुजारियों को आमंत्रित किया गया। एलजी ने जोर देकर कहा कि यमुना नदी के कायाकल्प के किसी भी प्रयास में अनिवार्य रूप से दिल्ली के लोगों को शामिल करना होगा, जो इस कार्य में सबसे बड़े हितधारक हैं।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में पुजारियों को विशिष्ट सर्वोत्तम तरीकों के बारे में बताया गया जो यमुना में प्रदूषण को रोकने में मदद कर सकती हैं। इनमें धार्मिक प्रसाद में पर्यावरण के अनुकूल सामग्रियों के उपयोग को बढ़ावा देना, नदी में कचरे या प्लास्टिक के डंपिंग को हतोत्साहित करना और लोगों को नदी के किनारे स्थित मंदिरों और आश्रमों में अपशिष्ट प्रबंधन प्रथाओं के बारे में शिक्षित करना शामिल है। पुजारियों से जागरूकता बढ़ाने, स्थानीय समुदायों और अन्य हितधारकों के साथ पर्यावरण के अनुकूल स्थायी प्रथाओं को बढ़ावा देने में अपनी भूमिका निभाने का अनुरोध किया गया और सरकारी एजेंसियों के साथ मिलकर काम करने को कहा गया।