महिला से फोन पर बात करते हुये पहले रोया, फिर लगा ली खुद को आग

जीटीबी एंक्लेव इलाके में शुक्रवार रात एक शख्स ने खुद को आग के हवाले कर दिया। इस घटना में वह 35 फीसदी झुलस गया। उसे इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।;

Update: 2022-12-24 23:47 GMT

नई दिल्ली। जीटीबी एंक्लेव इलाके में शुक्रवार रात एक शख्स ने खुद को आग के हवाले कर दिया। इस घटना में वह 35 फीसदी झुलस गया। उसे इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल का नाम राजेश उर्फ राजू (48) है। बताया जा रहा है कि वह फोन पर किसी महिला से बात करते हुये रो रहा था। इसके बाद अचानक उसने खुद को आग के हवाले कर लिया।

पुलिस के मुताबिक शुक्रवार रात 11 बजकर 12 मिनट पर बी ब्लॉक, दिलशाद गार्डन, डीडीए मार्किट के पास एक शख्स द्वारा खुद को आग लगाये जाने की सूचना मिली। पुलिस ने घायल को फौरन जीटीबी अस्पताल पहुंचाया। घटना में इसका हाथ और चेहरा जला था। कुल 35 फीसदी बर्न इंजरी थी। बताया गया है कि यह कदम उठाने से पहले वह किसी महिला से फोन पर बात कर रहा था। इसके बाद ही उसने खुद को आग के हवाले कर दिया। यह देख वहां मौजूद कुछ लोगों ने किसी तरह उसकी आग बुझायी और पुलिस को मामले की सूचना दी। फिलहाल वह बयान देने की हालत में नहीं है। उसे क्या परेशानी थी यह उसके बयान के बाद ही पता चल पाएगा।

Tags:    

Similar News