Mausam Ki Jankari: दिल्ली में शीतलहर से ठंड ने लोगों का हाल किया बेहाल, घने कोहरे से आवाजाही प्रभावित

Mausam Ki Jankari: दिल्ली में आज सुबह कोहरा छाए रहने की वजह से विज़िबिलिटी कम हो गई। जिससे एक बार फिर दिल्ली घने कोहरे में छिपती नजर आई। कुछ ऐसी ही तस्वीरें अक्षरधाम और इंडिया गेट से आई जहां घना कोहरा देखा गया।;

Update: 2020-12-21 04:18 GMT

Mausam Ki Jankari दिल्ली में आज सुबह कोहरा छाए रहने की वजह से विज़िबिलिटी कम हो गई। जिससे एक बार फिर दिल्ली घने कोहरे में छिपती नजर आई। कुछ ऐसी ही तस्वीरें अक्षरधाम और इंडिया गेट से आई जहां घना कोहरा देखा गया। घने कोहरे की वजह से यातायात भी प्रभावित रहा। राष्ट्रीय राजधानी में कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी रहा और न्यूनतम तापमान गिरकर 3.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया जो कि इस मौसम में अब तक का सबसे कम तापमान है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने कहा कि सफदरजंग वेधशाला में रविवार सुबह तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। लोधी रोड में तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी की ओर से बताया गया कि बर्फ से ढके पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र से चलने वाली बर्फीली हवाओं के कारण शहर में ठंड का प्रकोप बरकरार है। शुक्रवार को जाफरपुर मौसम केंद्र में न्यूनतम तापमान 2.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

शहर में बृहस्पतिवार को बेहद ठंडा दिन दर्ज किया गया था जब अधिकतम तापमान गिरकर 15.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था जो कि सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस कम था और इस मौसम का सबसे कम तापमान था। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और शनिवार को यह 21.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

आईएमडी के अनुसार ठंडा दिन तब होता है जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम होता है और अधिकतम तापमान सामान्य से कम से कम 4.4 डिग्री सेल्सियस नीचे होता है। बेहद ठंडा दिन तब होता है जब अधिकतम तापमान सामान्य से कम से कम 6.5 डिग्री सेल्सियस नीचे होता है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच से छह दिन तक न्यूनतम तापमान करीब पांच डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

Tags:    

Similar News