मेरा 'आप' को लेकर नहीं, देश को लेकर है विज़न: केजरीवाल
आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल की अध्यक्षता में रविवार को ‘आप’ की 11वीं राष्ट्रीय परिषद की बैठक दिल्ली के कापसहेड़ा के एक रिसॉर्ट में आयोजित की गई। इसमें आप की उपलब्धियां गिनाई गई और देश में बढ़ती महंगाई-बेरोजगारी और चीन की आक्रमकता के खिलाफ संकल्प लिया गया।;
आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल की अध्यक्षता में रविवार को 'आप' की 11वीं राष्ट्रीय परिषद की बैठक दिल्ली के कापसहेड़ा के एक रिसॉर्ट में आयोजित की गई। इसमें आप की उपलब्धियां गिनाई गई और देश में बढ़ती महंगाई-बेरोजगारी और चीन की आक्रमकता के खिलाफ संकल्प लिया गया। आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि मेरा आम आदमी पार्टी को लेकर नहीं, देश को लेकर विज़न है। देश के उस विज़न को पाने के लिए आप एक ज़रिया है।
हम ऐसा देश चाहते हैं जहां कोई भूखा न सोए। गरीब को भी अच्छी शिक्षा-स्वास्थ्य मिले व अमीर बने और भारत शिक्षा का हब बने। जाति-धर्म के नाम पर हिंसा न हो। जिस देश के लोग इकट्ठा होकर काम नहीं करेंगे, वो देश आगे बढ़ ही नहीं सकता। उन्होंने आगे कहा कि हमारे देश के जवान चीन की सीमा पर डटकर सामना कर रहे हैं, लेकिन इधर भाजपा की केंद्र सरकार की क्या मज़बूरी है कि वो चीन से व्यापार बढ़ाती जा रही है? ये भारतीयों को भगा रहे हैं और चीन वालों को गले लगा रहे हैं। चीन से आने वाला 90 फीसद माल भारत में बन सकता है।
मैं देश के लोगों से चीन के सामान का बॉयकॉट करने की अपील करता हूं। ''केजरीवाल ने कहा कि लोग महंगाई से बहुत परेशान हैं। देश में महंगाई की दर 7 फीसद है। सबसे ज्यादा महंगाई दर भाजपा शासित गुजरात, मध्यप्रदेश और यूपी में है, जहां महंगाई दर 8 फीसद है। वहीं, दिल्ली में महंगाई दर सिर्फ 4 फीसद है। देश में सबसे सस्ता शहर दिल्ली है, क्योंकि यहां सरकार जनता के लिए काम करती है।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के अलावा आप वरिष्ठ नेता एवं दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया, पंजाब के सीएम भगवंत मान, राज्यसभा सदस्य संजय सिंह, 'आप दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय समेत 32 सदस्य उपस्थित रहे। बैठक की शुरुआत सभी सदस्यों की एक-दूसरे से परिचय के साथ हुई। बैठक में 2024 के लोकसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की गई। बैठक के अंत में देश भर में बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी और चीन की आक्रमकता के खिलाफ संकल्प लाया गया।
देश में आप इकलौती पार्टी है जो 10 साल में राष्ट्रीय पार्टी बन गई : केजरीवाल
आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने राष्ट्रीय परिषद बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि यह साल आप के लिए बहुत अच्छा रहा। पिछले एक साल में हम पंजाब का चुनाव जीते, गोवा में हमारे दो विधायक बने और अभी गुजरात के चुनाव में हम लोगों को शानदार सफलता मिली। गुजरात के सिलसिले में एक व्यक्ति ने मुझे कहा कि गुजरात में तो आप बैल से दूध निकाल कर ले आए हैं। गाय से दूध तो सारे निकालते हैं, हम बैल से दूध निकाल कर ले आए हैं।
गुजरात में हम लोग पहली बार चुनाव लड़े और पहली बार में ही हमें करीब 14 फीसद वोट मिला और 5 एमएलए बने। कई मीडिया के लोग पूछते हैं कि गुजरात में आप की सरकार नहीं बनी। आज तक भारत के इतिहास में कभी नहीं हुआ होगा कि पहली बार कोई पार्टी चुनाव लड़ी और उसकी सरकार बन जाए। लेकिन हमारे से उनको आदत पड़ गई है कि ये चुनाव लड़ रहे हैं तो सरकार बनेगी ही। 2027 में गुजरात में हमारी सरकार जरूर बनेगी। हम लोग एमसीडी का चुनाव जीते, इसके लिए सभी लोगों को बहुत-बहुत बधाई। पिछले 15 साल से इन लोगों का एलसीडी पर कब्जा था।
इसके साथ ही हमारी 10 साल की आप अब राष्ट्रीय पार्टी बन गई है। इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं को बहुत बहुत बधाई। यह भी बड़ी बात है कि इतने कम समय के अंदर आप राष्ट्रीय पार्टी बन गई है। देश में शायद आप इकलौती ही पार्टी है कि पार्टी बनते ही एक साल के अंदर दिल्ली में हमारी सरकार बन गई। उसके बाद 10 साल के अंदर दूसरे राज्य पंजाबी सरकार बन गई और 10 साल के अंदर आम आदमी पार्टी राष्ट्रीय पार्टी बन गई। इसका सबसे बड़ा कारण हमारी विचारधारा और हमारा काम है। हम जनता और देश की बातें कर रहे हैं।
हम असल मुद्दों की बात करते हैं, आज पूरे देश में हमारे कामों की चर्चा हो रही
आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि जब चुनाव होते हैं, तो ये लोग एक-दूसरे को बुरा भला कहते हैं, कोई जनता की बात नहीं करता है। जनता टीवी पर देखती रहती है कि क्या चल रहा है? हमारे बारे में तो कोई बात ही नहीं कर रहा है। पहली बार एक पार्टी आई है, जो चुनाव में जाकर कहती है कि हम तुम्हारे बच्चों के लिए स्कूल बनाएंगे, हम तुम्हारे परिवार वालों का इलाज कराएंगे, हम तुम्हारी महंगाई दूर करेंगे, तुम्हारे बच्चों को रोजगार देंगे, हमें वोट दे दो। हम आम आदमी की बात कर रहे हैं।
हम देश की और असल मुद्दों की बात कर रहे हैं। आज राष्ट्रीय परिप्रेक्ष्य के अंदर आप के कामों और ईमानदार राजनीति की चर्चा हो रही है। मोटे तौर पर देश में तीन ही राष्ट्रीय पार्टियां हैं। एक दो पार्टियां और हैं, जो लीगल तरीके से राष्ट्रीय पार्टी कही जा सकती हैं, लेकिन जन सामान्य में देखा जाए तो कांग्रेस, भाजपा और आप ही देश की जनता के दिमाग में है और इन तीनों के अंदर आम आदमी पार्टी बिल्कुल अलग खड़ी होती है।
आप की तीन विचारधारा कट्टर देशभक्ति, कट्टर ईमानदारी और इंसानियत है
अरविंद केजरीवाल ने आप की विचारधारा को बताते हुए कहा कि हमारी विचारधारा के तीन स्तंभ हैं। पहला कट्टर देशभक्ति। हम कट्टर देशभक्त लोग हैं। हम मर जाएंगे, मिट जाएंगे लेकिन देश के लिए सर्वस्व न्यौछावर है। देश पहले है, परिवार बाद में है और मैं और भी बाद में हूं। देश के लिए सिर भी कटाना पड़े, देश के लिए सर्वस्व और परिवार भी अगर न्यौछावर करना पड़े, तो हम लोगों को मंजूर है। दूसरा कट्टर ईमानदारी हम बेईमानी करने नहीं आए हैं, हमारी उत्पत्ति रामलीला मैदान से भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन से हुई थी।
रामलीला मैदान में भ्रष्टाचार के खिलाफ देश का सबसे बड़ा आंदोलन हुआ था। जिसमें से आम आदमी पार्टी निकली थी। हम ईमानदारी से काम करने और देश की सेवा करने के लिए आए हैं। हम अपना घर भरने नहीं आए हैं। यह तो ये लोग पिछले 70 साल से कर ही रहे थे। अगर बेईमानी करनी होती तो आम आदमी पार्टी बनाने की क्या जरूरत थी? बीजेपी और कांग्रेस में चले जाते। वही विधायक वगैरह बन जाते और पैसा कमा लेते। हम यह करने नहीं आए थे। हमारी अकेली पार्टी है, जो अपने मंत्री के बारे में भी जरा सा पता चलने पर उसको जेल भेज देती है।
भारत के इतिहास में और कोई पार्टी नहीं है जो अपने खुद के मंत्री को जेल भेज दे। हमारी तीसरी विचारधारा इंसानियत है। इंसान का इंसान से हो भाईचारा, यही है पैगाम हमारा। धर्म और जातियों के बीच में ये जो लड़ाई झगड़ा करवाते हैं, हमें यह नहीं करना है। सब इंसान बराबर हैं। चाहे जो किसी भी जाति- धर्म का हो। चाहे वो अमीर हो या गरीब हो। सब बराबर हैं और हर इंसान का दूसरे इंसान की सेवा करना फर्ज है। यही आप के तीन स्तंभ है।
भाजपा की विचारधारा गुंडागर्दी है, जबकि कांग्रेस की विचारधारा भ्रष्टाचार
अरविंद केजरीवाल ने दूसरी पार्टियों की विचारधारा पर बात करते हुए कहा कि इनमें से भाजपा की विचारधारा गुंडागर्दी है। इन्होंने पूरे देश के अंदर बहुत गुंडागर्दी मचा रखी है। ये लोग इन गंदे लोगों को माला पहनाकर अपनी पार्टी में शामिल कराते हैं। वहीं, दूसरी पार्टी कांग्रेस की विचारधारा भ्रष्टाचार है। इन्होंने इतने भ्रष्टाचार किए हैं। एक तरह से देखा जाए जो जनता को इसलिए हमारी विचारधारा पसंद आ रही है। साथ ही, हमने दिल्ली में गवर्नेंस के जो काम किए हैं, आज तक ऐसे काम कभी नहीं हुए हैं। वहीं, सारे काम अब पंजाब में भी होने चालू हो गए हैं। जनता को विश्वास होने लगा है कि आप अच्छी पार्टी है और शरीफों की पार्टी है।
भाजपा शासित सारे राज्यों में सबसे ज्यादा महंगाई है और दिल्ली में सबसे कम
आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि इस देश में महंगाई खूब हो गई है। एक आम आदमी महंगाई से बहुत ज्यादा परेशान है। घर का खर्चा चलाना मुश्किल हो गया है। दिल्ली के अंदर जनता ने हमारे उपर तीसरी बार भरोसा किया और दिल्ली के अंदर हमें भारी बहुमत दिया। अब जनता ने हम लोगों को एमसीडी के चुनाव भी जीता दिए। पहले कभी नहीं हुआ था। पहले दिल्ली सरकार में एक पार्टी की सरकार बनती थी। वो इतने उल्टे-सीधे काम करते थे कि जनता दुखी होकर एमसीडी में दूसरी पार्टी की सरकार बना देती थी। पहली बार ऐसा हुआ कि दिल्ली में हमारी लगातार तीसरी बार सरकार बनी और एमसीडी में भी हमारी सरकार है।
दिल्ली में हमने जनता को खूब सारी फ्री की सुविधाएं दी है। हमने जनता के लिए शिक्षा और स्वास्थ्य फ्री कर दी। किसी के घर में कोई बीमार हो जाए, तो उसका सारा इलाज फ्री कर दिया। हमने बिजली, पानी और महिलाओं की बस में यात्रा फ्री कर दी। लोगों को तीर्थ यात्रा पर लेकर जाते हैं। केंद्र सरकार की एक रिपोर्ट आई है। उस रिपोर्ट के मुताबिक पूरे देश में महंगाई की दर 7 फीसद है और दिल्ली में महंगाई दर केवल 4 फीसद है। पूरे देश में सबसे कम महंगाई दिल्ली में है। यह केंद्र सरकार की रिपोर्ट कह रही है।
इसके पीछे कारण यही है कि दिल्ली में इतनी सारी चीजें फ्री है। शहरों में प्राकृतिक तौर पर महंगाई होती है। इस हिसाब से दिल्ली में चीजें सबसे ज्यादा महंगी होनी चाहिए थी। क्योंकि दिल्ली तो देश की राजधानी है और देश का सबसे बड़ा शहर है। लेकिन पूरे देश में सबसे सस्ती दिल्ली है। यह भी दुनिया के लिए अपने आप में एक मॉडल है। सबसे ज्यादा उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, गुजरात में 8 फीसद महंगाई है। भाजपा शासित सारे राज्यों में सबसे ज्यादा महंगाई है और दिल्ली में सबसे कम महंगाई है। महंगाई तो कम हो सकती है, लेकिन शर्त यह है कि आम आदमी पार्टी जैसी एक ईमानदार सरकार होनी चाहिए।
दिल्ली ने दिखा दिया है कि महंगाई और बेरोजगारी का समाधान हो सकता है, लेकिन अच्छी नीयत वाली सरकार होनी चाहिए
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि बेरोजगारी से भी पूरा देश बहुत दुखी है। हमारे बच्चे डिग्रियां लेकर सड़कों पर घूम रहे हैं। उनको नौकरी नहीं मिल रही है। इसमें कई सारे प्रयोग हमारे डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया भी कर रहे हैं। स्कूली बच्चों को बिजनेस करना सीखा रहे हैं कि जब बच्चे डिग्री लेकर बाहर निकलें, तो वो नौकरी लेने वाले नहीं, नौकरी देने वाले बनें। इसमें समय लगेगा। लेकिन हमारी सरकार ने पिछले 5-7 साल के अंदर दिल्ली में 12 लाख बच्चों के लिए रोजगार तैयार किया है।
अब पंजाब के अंदर पिछले 7-8 महीने में सीएम भगवंत मान ने कई सारी नई सरकारी नौकरियों की भर्ती निकाली है। इन्होंने 21 हजार युवाओं के हाथ में नियुक्ति पत्र दे दिया। नौकरियां मिल तो सकती हैं। रोजगार मिल तो सकता है, नीयत चाहिए। इनकी नीयत खराब है। अब दिल्ली ने यह दिखा दिया है कि महंगाई का भी समाधान हो सकता है, बेरोजगारी का भी समाधान हो सकता है, लेकिन अच्छी नीयत वाली सरकार होनी चाहिए।