पॉलिसी दोबारा शुरू करने का झांसा देकर ठगी, दो अरेस्ट
साउथ वेस्ट डिस्ट्रिक्ट के साइबर पुलिस स्टेशन की टीम ने दो जालसाजों और ठगों को अरेस्ट किया है। इन पर बंद हो चुकी इंश्योरेंस पॉलिसी को दोबारा शुरू करने का झांसा देकर ठगी का आरोप है।;
नई दिल्ली। साउथ वेस्ट डिस्ट्रिक्ट के साइबर पुलिस स्टेशन की टीम ने दो जालसाजों और ठगों को अरेस्ट किया है। इन पर बंद हो चुकी इंश्योरेंस पॉलिसी को दोबारा शुरू करने का झांसा देकर ठगी का आरोप है। आरोपियों के पास से एक मोबाइल फोन और एक एटीएम कार्ड बरामद हुआ है। इनके नाम पुनीत कुमार और सुमित कुमार है। एक आरोपी न्यू अशोक नगर और दूसरा पुल प्रहलादपुर का रहने वाला है।
डीसीपी मनोज सी के अनुसार गत वर्ष एक नवंबर को रवि कुमार गुलाटी निवासी वसंत कुंज ने नेशनल क्राइम पोर्टल पर ठगी की शिकायत दर्ज करवाई थी। उन्होंने बताया था कि 2017 में उन्होंने रिलायंस इंश्योरेंस पॉलिसी खरीदी थी। उसका पहला प्रीमियम दो लाख रुपये जमा करवा चुके थे। लेकिन बाद में वह प्रीमियम जमा नहीं करवा पाये और पॉलिसी लैप्स हो गई। 12 अक्टूबर को उन्हें अंजान नंबर से कॉल आई। कॉलर ने खुद को रिलायंस से बताया। उसने उन्हें पॉलिसी रिवाइव करने का झांसा देकर दो लाख 55 हजार 600 रुपये ठग लिये।
पुलिस ने जांच में बैंक डिटेल्स खंगाली तो पता चला कि एक लाख रुपये औरेया, यूपी के अभिषेक के खाते में गया था। बाकी डेढ़ लाख की रकम लोनी के विवेक के अकाउंट में पहुंची थी। आगे रकम पुल प्रहलादपुर के पुनीत के खाते में ट्रांसफर हुई थी। जिस नंबर से कॉल की गई थी वह भी पुनीत के नाम पर रजिस्टर्ड पाया गया। पुलिस ने पुनीत के घर रेड मारी और उसे दबोच लिया। उसकी निशानदेही पर न्यू अशोक नगर निवासी सुमित को भी दबोच लिया गया।