दिल्ली में हल्की शीतलहर के साथ सर्दी बढ़ने लगी, पहाड़ों पर बर्फबारी का असर

सर्दियों के इस मौसम में लंबे समय बाद दिल्ली में हल्की शीतलहर का आगमन हुआ है। जिसके चलते राजधानी में पारा गिरने लगा है और आने वाले दिनों में और ठंड बढ़ने के आसार जताए जा रहे है;

Update: 2022-12-09 00:38 GMT

नई दिल्ली। सर्दियों के इस मौसम में लंबे समय बाद दिल्ली में हल्की शीतलहर का आगमन हुआ है। जिसके चलते राजधानी में पारा गिरने लगा है और आने वाले दिनों में और ठंड बढ़ने के आसार जताए जा रहे है। सुबह के समय हल्के कोहरे की दस्तक से वाहन चालकों को मामूली परेशानी हुई। संभावना है कि आने वाले चार पांच दिन ऐसे ही कोहरा बना रहेगा इसकी सघनता बढ़ सकती है। प्रादेशिक मौसम विभाग केंद्र दिल्ली (आईएमडी) के अनुसार गुरुवार को दिल्ली का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

जबकि अधिकतम तापमान भी सामान्य से एक डिग्री कम 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। दिल्ली में सबसे कम न्यूनतम तापमान लोधी रोड व मुंगेशपुर में 8.2 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं क्षेत्रवार बात करें तो पालम में 11.5 डिग्री, आया नगर 9.7 डिग्री, जाफरपुर 9.1 डिग्री, मुंगेशपुर 8.2 डिग्री, नजफगढ़ 11.9 डिग्री, पीतमपुरा 14.2 डिग्री, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स 13.9 डिग्री और एसपीएस मयूर विहार में 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। हवा में आद्रता का अधिकतम स्तर 92 प्रतिशत व न्यूनतम आद्रता का स्तर 40 प्रतिशत रहा।

कोहरे के चलते सूर्योदय सुबह 8.55 बजे हुआ जबकि सूर्यास्त शाम 5.25 पर हुआ। आईएमडी का आकलन है कि आने वाले दिनों में दिल्ली में शीतलहर बढ़ सकती है। वहीं निजी मौसम विज्ञान पूर्वानुमान कंपनी स्काईमेट वेदर का कहना है कि गुरुवार को करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से ठंडी हवाएं चली जिसने राजधानी वासियों को शीतलहर का अहसास करवा दिया। हालांकि अभी पूर्ण रूप से शीत लहर नहीं चली है। कंपनी का अनुमान है कि आगामी तीन चार दिनों के बाद तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है। जिसके बाद न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस या इससे भी नीचे दर्ज होने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता।

Tags:    

Similar News