Fatehabad : फसलों पर बिछी बर्फ की चादर, पड़ा पाला
- 23 दिसम्बर को पश्चिमी विक्षोभ के चलते बूंदाबांदी की संभावना
- रात के तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना
;
Fatehabad : पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के चलते तापमान निरंतर नीचे जा रहा है। गिरते तापमान के बीच पश्चिमी हवाएं न चलने से यहां लगातार वीरवार को दूसरे दिन भी पाला जमा नजर आया। भट्टू क्षेत्र के गांवों में अलसुबह पाले की सफेद चादर बिछी नजर आई, जबकि गांवों में हल्की धुंध भी देखी गई। कृषि वैज्ञानिक इस मौसम को फसलों के लिए फायदेमंद बता रहे हैं लेकिन ज्यादा पारा गिरना फसलों के लिए नुकसानदेय है। बागवानी विशेषज्ञों के अनुसार यह पाला सब्जियों के लिए घातक है। अगर ऐसे पाला पड़ता रहा तो फल व पत्तेदार सब्जियां नहीं बच पाएंगी, वहीं सरसों को भी इससे नुकसान होगा।
पाला जमने से फसलें खराब होती हैं तो इसका सीधा असर उत्पादन पर पड़ेगा। इस समय फतेहाबाद में 28 हजार हैक्टेयर भूमि में सरसों की बिजाई हुई है, जोकि बीते वर्ष से ज्यादा है। भट्टू क्षेत्र में सरसों की फसल ज्यादा बीजी गई है और इसी क्षेत्र में लगातार पाला जम रहा है। वहीं, अगर तापमान की बात करें तो आज भी जिले का न्यूनतम तापमान 4 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 20.5 डिग्री रहा। हवा का रुख उत्तर पश्चिम की तरफ से आ रहा है। जिस कारण पहाड़ों से आ रही शीत लहरों से ठिठुरन भी बढ़ चुकी है। सुबह 8 बजे के बाद निकली धूप ने लोगों को ठंड से राहत दिलाई। बता दें कि सर्दी के मौसम में अब तक जिले में बरसात नहीं हुई है, जिसके चलते उत्तर पश्चिम हवाएं चलने के कारण सुबह के समय पाला जम रहा है।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के मौसम विभाग के अध्यक्ष डॉ. एमएल खिचड़ का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के चलते 22 दिसम्बर रात्रि व 23 दिसम्बर के दौरान राज्य में बादलवाई रहने और हवाएं चलने की संभावना है। इसके साथ ही कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी भी हो सकती है, जिससे दिन के तापमान में गिरावट आएगी जबकि रात्रि के तापमान में बढ़ोतरी होगी। इसके बाद मौसम खुश्क होगा।
यह भी पढ़ें - Rewari : ग्रामीणों ने झाड़ली पावर प्लांट को जाने वाले रेलवे ट्रैक को किया जाम