J&K: डीजीपी दिलबाग सिंह बोले- आतंकी संगठन अल-बदर के इशारों पर काम कर रहा था सुहैल, सफल हो जाता तो होती भारी तबाही
जम्मू कश्मीर के पुलिस महानिदेशक दिलबाग सिंह अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ जम्मू में मीडिया को संबोधित किया। इस दौरान पुलिस महानिदेशक दिलबाग सिंह ने कहा कि आतंकी बड़े हमले की साजिश की फिराक में थे। रघुनाथ मंदिर और बस स्टैंड निशाने पर थे।;
जम्मू कश्मीर में आतंकवादियों की साजिश को सुरक्षाबलों ने समय रहते नाकम कर दिया है। सुरक्षाबलों ने बस स्टैंड के पास से करीब 7 किलो विस्फोटक बरामद किया है। जिसके बाद जम्मू संभाग के पुलिस महानिरीक्षक मुकेश सिंह ने खुलासा किया है कि 14 फरवरी को किसके आदेश से हमला किया जाना था।
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, जम्मू संभाग के पुलिस महानिरीक्षक मुकेश सिंह ने कहा कि कल रात को हमने जम्मू बस स्टैंड से एक व्यक्ति को गिरफ़्तार किया। जिसके बैग से 6-6.5 किलो आईईडी बरामद हुई। उसने बताया कि वह चंडीगढ़ के नर्सिंग कॉलेज का छात्र है। उसे पाकिस्तान के अल-बदर तंजीम से आईईडी लगाने के निर्देश दिए गए थे।
उसे आईईडी लगाने के लिए 3-4 जगह बताई गई थी, जिसमें रघुनाथ मंदिर, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और लखदाता बाजार शामिल थे। इनमें से किसी एक जगह पर उसको आईईडी रखना था। इससे काफी बड़ा धमाका हो सकता था, जिसे जम्मू पुलिस ने नाकाम कर दिया।
वहीं जम्मू कश्मीर के पुलिस महानिदेशक दिलबाग सिंह अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ जम्मू में मीडिया को संबोधित किया। इस दौरान पुलिस महानिदेशक दिलबाग सिंह ने कहा कि आतंकी बड़े हमले की साजिश की फिराक में थे। रघुनाथ मंदिर और बस स्टैंड निशाने पर थे। पुलिस ने कल रात बस स्टैंड इलाके से सुहैल नाम के एक शख्स को गिरफ्तार किया। उसके बैग से करीब सात किलो आरडीएक्स बरामद हुआ है।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किये गए शख्स का नाम सुहैल है और वह आतंकी संगठन अल-बदर के इशारों पर काम कर रहा था। अगर ये सफल हो जाता तो भारी तबाही होती। सुहैल से पूछताछ के बाद चंडीगढ़ से काजी वसीम और आबिद नाम के दो लोगों को गिरफ्तार किया है।