Punjab Election 2022 : पंजाब में चुनाव प्रचार का शोर थमा, शराब ठेकों को बंद करने के साथ बाहरी लोगों को निकालने की कार्रवाई शुरू
पंजाब में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान सुबह आठ बजे से शुरू होकर शाम छह बजे तक चलेगा।;
पंजाब में विधानसभा चुनाव 2022 के लिए प्रचार अभियान शाम छह बजे से समाप्त हो गया है। आज शाम से ही ड्राई डे भी शुरू कर दिया है। अब 20 मार्च को मतदान होगा। मतदान प्रक्रिया सुबह आठ बजे से शुरू होकर शाम छह बजे तक चलेगी। इसके बाद ही ड्राई डे की पाबंदी हटा ली जाएगी।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक चुनाव आयोग ने स्पष्ट निर्देश दिया था कि चुनाव प्रचार समाप्त होते ही बाहरी राज्यों के उन लोगों को बाहर किया जाए, जिनके पास वोटर कार्ड नहीं हैं। केवल वोटर वाले लोग ही पंजाब में रह सकते हैं। इन निर्देशों का पालन होते ही पुलिस ने गेस्ट हाउस और होटलों पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस की गश्त टीमों ने पहले से ही ठेकों पर पहुंचकर लोगों को चेताने का काम शुरू कर दिया था।
पुलिस की ओर से ठेका संचालकों को भी निर्देश दिए गए कि आज शाम छह बजे से 20 फरवरी शाम छह बजे तक शराब की बिक्री पर पाबंदी रहेगी। अगर कोई भी इस आदेश का उल्लंघन करता पाया गया तो गंभीर कार्रवाई होगी। पुलिस की ओर से बॉर्डर पर भी सख्त निगरानी शुरू कर दी गई है। संदिग्ध लोगों के तमाम दस्तावेज भी खंगाले जा रहे हैं।
बता दें कि पंजाब में कुल मतदाता 2 करोड़ 14 लाख 99 हजार 804 हैं। इनमें पुरुषों की संख्या 1 करोड़ 12 लाख 98 हजार 81 हैं। अन्यों की संख्या 727 है। नौकरीपेशा मतदाताओं की संख्या 1 लाख 9 हजार 624 है, जबकि एनआरआई मतदाताओं की संख्या 1600 से ज्यादा है।