Punjab: पंजाब के लोगों को मिली बड़ी राहत, CM भगवंत मान ने ये टोल प्लाजा किया फ्री
पंजाब के लोगों को आज बड़ी राहत देते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शनिवार को कीरतपुर साहिब टोल प्लाजा को फ्री कर दिया है। ये टोल आनंदपुर साहिब नंगल ऊना रोड पर मौजूद है।;
पंजाब के लोगों को आज बड़ी राहत देते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शनिवार को कीरतपुर साहिब टोल प्लाजा को फ्री कर दिया है। ये टोल आनंदपुर साहिब-नंगल-ऊना रोड पर मौजूद है। इस टोल को फ्री करते समय भगवंत मान ने यह भी कहा कि जिस कंपनी को टोल प्रबंधन की जिम्मेदारी दी गई थी, उसने कई मौकों पर नियमों का उल्लंघन किया है।
मुख्यमंत्री ने कही ये बात
टोल प्लाजा को फ्री करते समय पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि हम जनता के पैसों की लूट को बर्दाश्त नहीं करेंगे। इस टोल प्लाजा को फ्री करने से पंजाब के लोगों को काफी राहत मिलेगी और साथ ही उनके 10 लाख रूपये बचेंगे। टोल कंपनियों ने कई बार नियमों की अनदेखी की है। कंपनी ने टोल प्लाजा की अवधि 582 दिन बढ़ाने की अर्जी सरकार के पास भेजी थी, जिसको सरकार ने अस्वीकार कर दिया है।
सीएम भगवंत मान ने लगाए आरोप
इससे पहले पिछले महीने भगवंत मान ने पंजाब के माजरी, नांगल शहीदान और मनगढ़ में टोल प्लाजा बंद करने की भी घोषणा की थी। मीडिया से मुखातिब होते हुए मान ने कहा था कि कांग्रेस के प्रताप सिंह बाजवा, अकाली दल के परमिंदर सिंह ढींढसा और सुखबीर सिंह बादल जैसे पूर्व पीडब्ल्यूडी मंत्रियों ने जनता के पैसों में सेंधमारी की थी।
दिसंबर में भी एक टोल प्लाजा किया था बंद
पिछले साल दिसंबर 2022 में सीएम भगवंत मान ने होशियारपुर-टांडा रोड पर लचोवाल टोल प्लाजा को बंद कर दिया था। इस टोल प्लाजा को बंद करते हुए मान ने कहा था कि पिछली सरकारों ने इन टोल प्लाजाओं के जरिए खूब लाभ प्राप्त किया है।