पंजाब में नहीं थम रहा कोरोना का कहर, 41 और मरीजों ने गंवाई जान
पंजाब में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 1165 नए मामले सामने आए हैं। वहीं 41 और मरीजों की मौत दर्ज की गई है। प्रदेश में कोरोना को स्थिति भयावह होती जा रही है। यहां कोरोना का ग्राफ बहुत तेजी से बढ़ रहा है।;
चंडीगढ़। पंजाब में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 1165 नए मामले सामने आए हैं। वहीं 41 और मरीजों की मौत दर्ज की गई है। प्रदेश में कोरोना को स्थिति भयावह होती जा रही है। यहां कोरोना का ग्राफ बहुत तेजी से बढ़ रहा है। राज्य सरकार के बुलेटिन के मुताबिक संक्रमितों की संख्या 31,206 और मृतकों की संख्या 812 हो गयी है। बुलेटिन के मुताबिक लुधियाना में 14, पटियाला में सात, जालंधर में चार, अमृतसर और संगरूर में दो-दो मरीजों की मौत हो गयी। बरनाला, फतेहगढ़ साहिब, फाजिल्का, गुरदासपुर , होशियारपुर, कपूरथला, मोगा और मोहाली में एक-एक मरीज की मौत हो गयी। पिछले 24 घंटे में लुधियाना से सबसे ज्यादा 315 मामले सामने आए। जालंधर में 187, फिरोजपुर में 96 अमृतसर में 37 मामले आए। राज्य में एक दिन में 568 मरीजों के ठीक होने के बाद कुल 19,431 मरीज ठीक हो चुके हैं। वर्तमान में 10,963 मरीज हैं। अब तक 7,70,873 नमूनों की जांच हो चुकी है।
उधर, पंजाब के वित्त मंत्री ने खुद को किया क्वारंटाइन
बठिंडा के एस एस पी भुपिन्दर सिंह के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद उनके संपर्क में आए पंजाब के वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल ने खुद को क्वारंटाइन कर लिया है। इसकी जानकारी मनप्रीत बादल ने अपने फेसबुक पेज पर दी है। मनप्रीत ने बताया कि 15 अगस्त को जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में वह एसएसपी से मिले थे। डॉक्टर की सलाह के अनुसार और अपने परिवार और पार्टी कार्यकर्ताओं की सुरक्षा के लिए मैं खुद को क्वारंटाइन कर रहा हूं।