Punjab Flood: बाढ़ के कारण पंजाब में 1,000 करोड़ रुपये का नुकसान, CM मान बोले- केंद्र से मांगेंगे मुआवजा
Punjab Flood: पंजाब के सीएम भगवंत मान ने कहा कि बाढ़ के कारण राज्य को लगभग 1,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। नुकसान की विस्तृत रिपोर्ट केंद्र को भेजेंगे और राहत पैकेज की मांग करेंगे।;
Punjab Flood: बाढ़ का असर देश के कई राज्यों में देखा जा रहा है। पंजाब में भी बाढ़ के कारण किसानों की फसलों को खासा नुकसान हो रहा है। इसको लेकर पंजाब के सीएम भगवंत मान ने आज यानी रविवार को कहा कि बाढ़ के कारण राज्य को लगभग 1,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। नुकसान की विस्तृत रिपोर्ट केंद्र को भेजेंगे और राहत पैकेज की मांग करेंगे। सीएम ने कहा कि जितनी भी फसलों का नुकसान हुआ है, पहले तो उसका आकलन किया जाएगा और लोगों को मुआवजा दिया जाएगा। जुलाई महीने में पंजाब और हरियाणा के कई जिले मूसलाधार बारिश से प्रभावित हुए हैं। इससे सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया।
खतरे से नीचे भाखड़ा बांध का जलस्तर- CM मान
सीएम मान ने आगे कहा कि भाखड़ा बांध में जलस्तर खतरे के निशान से नीचे है। सरकार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। हम भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड के अधिकारियों और अन्य अधिकारियों के साथ चर्चा कर रहे हैं। यह राहत की बात है कि भाखड़ा बांध में पानी का स्तर अभी भी खतरे के निशान से नीचे है। ऐसे में पानी छोड़ने की तत्काल कोई जरूरत नहीं है। भाखड़ा बांध का खतरे का निशान 1,680 फीट पर है, लेकिन 23 जुलाई को बांध में पानी का स्तर 1,653 फीट था। ऐसे में सीएम ने कहा कि बाढ़ से घबराने की कोई जरूरत नहीं है।
'नेताओं ने हड़पे सिंचाई के लिए आए पैसे'
मान ने अधिकारियों से कहा कि किसी भी भ्रम से बचने के लिए जलस्तर के बारे में लोगों के साथ जानकारी नियमित रूप से साझा करते रहें। सीएम मान ने कहा कि खुशी की बात है कि मौसम विभाग ने आगामी कुछ समय में बारिश नहीं होने की भविष्यवाणी की है, इसके कारण से जलस्तर और कम हो जाएगा। हमारी सरकार ने नहरों की सफाई सहित हर क्षेत्र में उल्लेखनीय काम किया है। अतीत में सिंचाई और जल निकासी विभागों के लिए "कैश गाय" बना हुआ था। पुरानी सरकार के नेताओं ने अपने निहित स्वार्थों के लिए जल निकासी और सिंचाई विभाग के लिए आए पैसे हड़प लिए। पंजाब में पानी के विवेकपूर्ण उपयोग के लिए एक नई नहर के निर्माण का प्रस्ताव भी पाइपलाइन में है।
ये भी पढ़ें...BJP सांसद सुनीता दुग्गल बोलीं- हरियाणा को डूबोने की कोशिश न करें पंजाब सरकार