पंजाब के मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा कोरोना की चपेट में आये, सीएम ने दी जानकारी
पंजाब में कोरोना वायरस का जाल फैलता ही जा रहा है। प्रदेश में घातक कोरोना वायरस आम लोगों के साथ साथ नेताओं को भी अपनी चपेट में ले रहा है। वहीं अब पंजाब के कैबिनेट मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं।;
चंडीगढ़। पंजाब में कोरोना वायरस का जाल फैलता ही जा रहा है। प्रदेश में घातक कोरोना वायरस आम लोगों के साथ साथ नेताओं को भी अपनी चपेट में ले रहा है। वहीं अब पंजाब के कैबिनेट मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं। मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने शनिवार शाम यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया, ''मेरे कैबिनेट सहयोगी, सहकारिता एवं जेल मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा कोविड-19 से पीड़ित हो गए हैं। मैं उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।'' रंधावा कोरोना वायरस की चपेट में आने वाले अमरिंदर सिंह सरकार के तीसरे मंत्री हैं। इससे पहले तृप्त रजिंदर सिंह बाजवा और गुरप्रीत सिंह कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं।
चंडीगढ़ में रिकॉर्ड 145 नए मामले दर्ज
वहीं चंडीगढ़ में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के एक दिन में सर्वाधिक 145 नए मामले सामने आए जिससे कुल संक्रमित लोगों की संख्या 2776 हो गई है। संक्रमित लोगों में दो नवजात और एक वर्ष की एक बच्ची भी शामिल है। नए मामले सेक्टर छह, सात, 11, 15, 19, 20, 22, 23, 24, 25, 26, 27, 28, 29, 30, 31, 32, 33, 34, 36, 38, मनीमाजरा, दादू माजरा और डारिया में सामने आए। अभी संक्रमण का इलाज करा रहे रोगियों की संख्या 1270 है जबकि मृतकों की संख्या 33 हो गई है। बुलेटिन में बताया गया है कि संक्रमण से उबर चुके 45 रोगियों को छुट्टी दे दी गई। अभी तक कुल 1471 लोग ठीक हो चुके हैं। बुलेटिन के अनुसार अभी तक जांच के लिए कुल 24,693 नमूने लिए गए हैं ओर उनमें से 21,764 नमूने नेगेटिव पाए गए हैं, जबकि 87 नमूनों के परिणाम की प्रतीक्षा है।