Asian Games 2023: गोल्ड जीतने पर टीम इंडिया को क्रिकेट जगत का सलाम, जानें किसने क्या कहा
एशियाई खेलों में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीतने पर हरमनप्रीत की टीम इंडिया को क्रिकेट जगत ने सलाम किया है। सचिन तेंदुलकर, रोहित ने प्रतिक्रिया व्यक्त की है।;
Asian Games 2023: भारत की महिला क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को हराकर एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। यह मैच चीन के ZJUT क्रिकेट मैदान पर हुआ। स्मृति मंधाना और जेमिमा रोड्रिग्स की तूफानी पारियों के बाद टिटास साधु की गेंदबाजी की बदौलत टीम इंडिया ने यह जीत मिली है। हरमनप्रीत कौर की टीम ने हांग्जो में महाद्वीपीय टूर्नामेंट में इंडिया के लिए ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीतने के लिए 19 रन की रोमांचक जीत दर्ज की।
सचिन समेत पूरे देश ने दी बधाई
महान क्रिकेटरों सचिन तेंदुलकर, अनिल कुंबले और भारत की पुरुष क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने एशियाई खेलों में भारतीय दल के लिए दूसरा स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास फिर से लिखने के लिए हरमनप्रीत की टीम को बधाई दी। एशियाई खेलों में भारतीय क्रिकेट टीम की स्वर्ण पदक जीत के बाद ट्विटर पर मास्टर ब्लास्टर तेंदुलकर ने महिलाओं के लिए एक विशेष संदेश शेयर किया। इसमें उन्होंने लिखा कि हमारी देश की महिला क्रिकेट टीम ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। वहीं पूर्व भारतीय स्पिनर हरभजन ने महिला टीम को शुभकामनाएं दीं।
पहली बार में ही मिला गोल्ड
भारत की महिला क्रिकेट टीम एशियाई खेलों में पहली बार हिस्सा लेने चीन गई थी। इससे पहले एशियाई खेलों में दो बार क्रिकेट को शामिल किया गया था। इस दौरान दोनों बार पाकिस्तानी महिला खिलाड़ियों ने गोल्ड अपने नाम की थी। हालांकि, भारत उन एशियाई खेलों में हिस्सा नहीं लिया था। यह भारतीय महिला क्रिकेट के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। अब भारतीय पुरुष टीम की बारी है। यदि भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम इस साल यह उपलब्धि हासिल करती है तो, महिला और पुरुष एक साथ गोल्ड जीतने वाला भारत पहला देश बनेगा।