WTC Final 2023: टेस्ट चैंपियनशिप के लिए ऋतुराज की जगह चुने गए यशस्वी जायसवाल
WTC Final 2023: वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के लिए टीम इंडिया के कई खिलाड़ी पहले ही लंदन के लिए रवाना हो चुके हैं। कप्तान रोहित शर्मा और ईशान किशन आज रवाना होंगे। रोहित शर्मा के साथ यशस्वी जायसवाल भी आज लंदन के लिए रवाना होंगे। यशस्वी को टीम में ऋतुराज गायकवाड़ की जगह बतौर स्टैंडबाई ओपनर टीम में चुना गया है। जानिए ऋतुराज की जगह क्यों चुने गए यशस्वी...;
WTC Final 2023: आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (ICC World Test Championship) के लिए टीम इंडिया में यशस्वी जायसवाल का चयन स्टैंडबाई खिलाड़ी के रूप में हुआ है। यशस्वी जायसवाल को ऋतुराज गायकवाड़ की जगह चुना गया है। 7 जून से इंग्लैंड के ओवल में शुरू हो रहे वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल के लिए ऋतुराज गायकवाड़ की जगह आईपीएल में 625 रन बनाने वाले यशस्वी जायसवाल को बतौर स्टैंडबाई प्लेयर (Standby Player) चुना गया है। पिछले दिनों कई क्रिकेट एक्सपर्ट्स यशस्वी को टीम में इंडिया में जगह दिए जाने की वकालत कर रहे थे।
कप्तान रोहित शर्मा लंदन के लिए रवाना
टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा 28 मई को इंग्लैंड के निकल गए थे। उनके साथ यशस्वी जायसवाल भी लंदन के लिए निकल चुके हैं। वहीं, सूर्यकुमार यादव, मोहम्मद शमी, शुभमन गिल, रवींद्र जडेजा आईपीएल 2023 के फाइनल के बाद 30 मई को लंदन रवाना होंगे। वहीं, विराट कोहली, मोहम्मद सिराज, अक्षर पटेल, उमेश यादव जैसे कई खिलाड़ी पहले से ही लंदन पहुंच चुके हैं।
क्यों नहीं चुने गए ऋतुराज
यशस्वी ने आईपीएल 2023 के 14 मैचों में एक शतक के साथ 625 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 48 का रहा है, जिसमें उन्होंने 82 चौके और 26 छक्के जड़े हैं। उन्होंने प्रथम श्रेणी (First Class) के पांच मैचों में 404 बनाए हैं, इस दौरान उनका औसत 80 का रहा है। ऋतुराज गायकवाड़ को विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के लिए बतौर स्टैंडबाई प्लेयर के लिए चुना गया था, लेकिन उन्होंने बीसीसीआई को बताया कि 3-4 जून को वह शादी करने जा रहे हैं। इसलिए वह टीम के साथ 5 जून को जुड़ पाएंगे। ऐसे में टीम इंडिया के हेड कोच राहुल द्रविड़ ने सेलेक्टर्स से गायकवाड़ के विकल्प के रूप में यशस्वी जायसवाल को टीम में शामिल किया।