मध्यप्रदेश में भाजपा ने बनाए लक्ष्य से 5 गुना ज्यादा सदस्य, संख्या 68 लाख के पार 

भारतीय जनता पार्टी द्वारा डेढ महीने तक चलाए गए पार्टी के सदस्यता अभियान के तहत मप्र में 68 लाख से ज्यादा नए सदस्य बनाए गए हैं। यह आंकड़ा पार्टी को मप्र में मिले लक्ष्य के पांच गुने से ज्यादा है। वहीं देशभर में पार्टी के नए व पुराने सहित कुल सदस्यों की संख्या 18 करोड़ तक पहुंच गई है, और भारत को छोड़कर विश्व के सात देशाें की जनसंख्या ही इससे ज्यादा है।;

Update: 2019-08-30 04:46 GMT

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी (BJP) द्वारा डेढ महीने तक चलाए गए पार्टी के सदस्यता अभियान के तहत मप्र में 68 लाख से ज्यादा नए सदस्य बनाए गए हैं। यह आंकड़ा पार्टी को मप्र में मिले लक्ष्य के पांच गुने से ज्यादा है। वहीं देशभर में पार्टी के नए व पुराने सहित कुल सदस्यों की संख्या 18 करोड़ तक पहुंच गई है, और भारत को छोड़कर विश्व के सात देशाें की जनसंख्या ही इससे ज्यादा है। मप्र में विगत वर्षों के दौरान इससे पहले के सदस्यता अभियान में कुल 1 करोड़ सदस्य बनाने का दावा किया गया था, लेकिन पार्टी सिर्फ 65 लाख सदस्याें को वेरीफिकेशन के बाद रिकार्ड में दर्ज कर पाई थी। जिससे इसी आंकड़े को पार्टी द्वारा बाद में सही माना गया। वर्ष 2019 के सदस्यता अभियान में पार्टी ने पुराने सदस्यों में 20 प्रतिशत नए सदस्य जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया था। इस हिसाब से मप्र में 13 लाख नए सदस्य बनाए जाने थे, लेकिन पार्टी ने अभी तक लगभग 68 लाख नए सदस्य बना लिए हैं। इनमें से आनलाइन और आफलाइन दोनों मोड से पार्टी ने 49 लाख नए सदस्याें का रिकार्ड दर्ज कर लिया है। बाकी बचे 18 लाख से अधिक नए सदस्यों का रिकार्ड कम्प्यूटर पर अपलोड करने का काम जारी है।


मप्र के सदस्यता अभियान प्रभारी एवं विधायक अरविंद सिंह भदौरिया ने बताया कि इस बार के सदस्यता अभियान के तहत पार्टी ने आनलाइन 26 लाख 96 हजार नए सदस्य बनाए हैं। जबकि आफलाइन मोड से बनाए गए सदस्यों में से अभी तक 22 लाख 93 हजार सदस्यों का डेटा फीड किया जा चुका है। आफलाइन मोड से अभी भी लगभग 18 लाख से अधिक सदस्यों का डेटा फीड किया जाना बाकी है। इसे फीड करने के लिए सभी जिलाध्यक्षों को दस दिन का समय दिया गया था। 31 अगस्त तक पूरा डेटा फीड होने की उम्मीद है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता रजनीश अग्रवाल ने बताया कि सदस्यता अभियान के लिए 6 जुलाई से 20 अगस्त तक अभियान चलाया गया। यह सदस्यता तीन वर्ष के लिए की गई है। इससे पहले नवंबर 2014 से मार्च 2015 के दौरान पार्टी का पूर्ण सदस्यता अभियान चलाया गया था, जिसमें छह साल के लिए सदस्य बनाए गए थे। इस तरह से दोनों सदस्यों की अवधि मिलाकर अगला सदस्यता अभियान 2022 में चलाया जाएगा। तब तक यह सभी पार्टी के प्राथमिक सदस्य रहेंगे।


भोपाल जिले ने बनाए पौने दो लाख नए सदस्य -

भोपाल जिला शहर इकाई को डेढ़ लाख नए सदस्य बनाने के लिए कहा गया था, जिसके विरुद्ध जिले में अभी तक 1 लाख 72 हजार नए सदस्य बनाए जा चुके हैं। भाजपा के भोपाल जिला अध्यक्ष विकास वीरानी ने बताया कि अभी भी आफलाइन मोड के फार्मों को अपलोड करने का काम जारी है, जिससे आंकड़ा दो लाख के पास पहुंच सकता है।

देशभर में बनाए 7 करोड़ नए सदस्य -

पार्टी ने आनलाइन और आफलाइन दोनों मोड से देशभर में 7 करोड़ नए सदस्य बनाए हैं। पुराने सदस्यों को मिलाकर भाजपा के प्राथमिक सदस्याें की संख्या 18 करोड़ पहुंच गई है। पार्टी को 11 करोड़ की सदस्यता के आधार पर 20 प्रतिशत नए सदस्य बनाने थे, जो कि 2 करोड़ 20 लाख नए सदस्य बनाए जाने थे। पार्टी ने लक्ष्य से तीन गुना अधिक नए सदस्य बनाए हैं। पार्टी को प. बंगाल में सदस्यता अभियान को अच्छा रिस्पांस मिला है, जम्मू कश्मीर में भी सदस्यों की संख्या तेजी से बढ़ी है।

और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App 

Tags:    

Similar News