अल्का यागनिक की बेटी सायशा ने ही खोल दी मां की पोल, बोलीं- पूरा दिन यही करती रहती हैं
बॉलीवुड की सीनियर गायिका अलका यागनिक (Alka Yagnik) की बेटी ने शो में आकर अपनी मां के जीवन के कई राज खोल दिए।;
जीटीवी के लोकप्रिय सिंगिंग शो सारेगामापा लिटिल चैंप्स के सीजन आठ में लोग तब चौंक गए जब बॉलीवुड की सीनियर गायिका अलका यागनिक (Alka Yagnik) की बेटी ने शो में आकर अपनी मां के जीवन के कई राज खोल दिए। इस वीकेंड में शो का नाइंटीज स्पेशल है। शो के दौरान एंकर मनीष पॉल ने अल्का को पहला सरप्राइज दिया, जब उनके भाई का एक वीडियो चला दिया। फिर उन्होंने तीन ऐसे लोगों को मंच पर बुलाया जो अल्का की जिंदगी में बहुत करीब और खास हैं। ये थे, अल्का की बेटी सायशा, अल्का की भतीजी और एक खास दोस्त।
मां के साथ मंच पर बहुत उत्साहित नजर आईं सायशा ने अल्का के बारे में ऐसी कई बातें बताई जो लोग नहीं जानते थे। सायशा ने कहा कि मां हमेशा मेरे साथ दोस्त की तरह रहीं मगर घर में हम दोनों का खयाल मेरी नानी यानी अल्का की मां ही रखती हैं। यही नहीं, आज भी अल्का और सायशा घर से तभी बाहर निकलती हैं जब नानी इजाजत देती हैं। सायशा ने कहा कि वह अपनी मां के साथ दुनिया के कई देशों में घूमी हैं मगर उनके लिए मां ही दुनिया है। सायशा ने बताया कि वह अपनी जिंदगी की हर अच्छी-बुरी बात, आशा और सपने, उम्मीदें और निराशाएं अपनी मां के साथ शेयर करती हैं।
सायशा ने अल्का का यह राज खोल दिया कि उन्हें सोना सबसे ज्यादा पसंद है और अगर उन्हें जगाया न जाए तो वह पूरा दिन सोती रह सकती हैं। साथ ही सायशा ने बताया कि अल्का को अपने परिवार के साथ वक्त बिताना सबसे ज्यादा पसंद है। वह कहीं भी हों त्यौहारों पर घर लौट आती हैं। अपनी बेटी, भतीजी और दोस्त को देख कर अल्का भावुक हो गईं। उनकी आंखें भर आईं। उन्होंने कहा कि दुनिया में कम लोग हैं जिन्हें मैं प्यार करती हूं। मगर ये लोग ऐसे हैं जिनके लिए मैं जान भी दे सकती हूं।