Sridevi Birth Anniversary: श्रीदेवी की 60वीं बर्थ एनिवर्सरी आज, Google ने बनाया खूबसूरत डूडल, पढ़ें एक्ट्रेस से जुड़े रोचक तथ्य
Sridevi Birth Anniversary: फैंस के दिलों पर राज करने वाली श्रीदेवी का निधन 24 फरवरी 2018 को हार्ट अटैक की वजह से हुआ था। आज भी उन्हें फैंस भूला नहीं पाए हैं। आज उनकी 60वीं बर्थ एनिवर्सरी पर हम उनसे जुड़े रोचक तथ्य लेकर आए हैं। पढ़िये रिपोर्ट...;
Sridevi Birth Anniversary: मशहूर एक्ट्रेस श्रीदेवी की आज 60वीं बर्थ एनिवर्सरी है। गुगल (Google) ने श्रीदेवी का खूबसूरत डूडल (Doodle) बनाकर उन्हें विश किया है। उनके फैंस भी आज श्रीदेवी को याद कर रहे हैं। टीवी पर जहां अभिनेत्री की फिल्में (Sridevi Movies) दिखाई जा रही हैं, वहीं ट्विटर के माध्यम से भी उन्हें याद किया जा रहा है। तो चलिए बताते हैं श्रीदेवी से जुड़े कुछ तथ्यों के बारे में...
हिंदी सिनेमा की बेहद खूबसूरत अदाकारा श्रीदेवी का जन्म 13 अगस्त 1963 को तमिलनाडु के शिवाकाशी में हुआ था। पिता अय्यप्पन यंगर और मां राजेश्वरी यंगर के परिवार में श्रीदेवी के अलावा एक बहन और दो सौतेले भाई थे। बचपन से ही श्रीदेवी की चाह अभिनय के क्षेत्र में थी। महज चार साल की उम्र में उन्होंने तमिल फिल्म कंधन करुनी से अपने करिअर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने कई फिल्में बतौर बाल कलाकार के रूप में की। बॉलीवुड की बात करें पहली फिल्म जूली थी, जिसमें उन्होंने मुख्य अभिनेत्री की बहन (बाल कलाकार) का किरदार निभाया था। इसके दो साल बाद 1977 में तेलगु फिल्म बंगारक्का में बतौर बाल कलाकार अभिनय किया। लेकिन इसके बाद श्रीदेवी ने तय कर लिया था कि वे बॉलीवुड में ही अपने सपनों को साकार करेंगी।
अपनी धुन में पक्की श्रीदेवी को 1978 में फिल्म सोलवा सावन में बतौर मुख्य एक्ट्रेस का किरदार मिला। इसके बाद 1983 में हिम्मतवाला फिल्म की, जिसने बॉलीवुड में उनको अलग पहचान दिला दी। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। मिस्टर इंडिया फिल्म के गाने हवा-हवाई की वजह से आज भी उन्हें याद किया जा रहा है। उनकी लोकप्रिया फिल्मों की बात की जाए तो नया कदम, मास्टरजी, चांदनी, नागिन, सदमा, चालबाज, खुदा गवाह, गुमराह, लाडला समेत कई मूवी हैं, जिनके लिए हमेशा याद की जाएंगी।
कैसा रहा श्रीदेवी का वैवाहिक जीवन
श्रीदेवी ने 1985 में मिथुन चक्रवर्ती से शादी की थी, लेकिन यह शादी ज्यादा दिनों तक नहीं चली। तीन साल में दोनों ने तलाक ले लिया। इसके बाद श्रीदेवी ने बोनी कपूर से शादी की। उनसे दो बेटियां हुईं, जिनका नाम है जाह्नवी कपूर और खुशी कपूर। बोनी कपूर के साथ उनका वैवाहिक जीवन खुशमय रहा, लेकिन लंबा नहीं चल सका। उन्होंने 54 साल की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कह दिया।
54 वर्ष की उम्र में हुआ था श्रीदेवी का निधन
फैंस के दिलों पर राज करने वाली श्रीदेवी का निधन 24 फरवरी 2018 को हार्ट अटैक की वजह से हुआ था। श्रीदेवी अपने पति बोनी कपूर और बेटी खुशी कपूर के साथ एक पारिवारिक कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए दुबई गई थीं। होटल के बाथरूम टब में उनका शव मिला था। उनके निधन की खबर सुनकर किसी को यकीन नहीं हो रहा था कि वे हमारे बीच नहीं हैं। मौत को लेकर भी कई चर्चाएं फैलती रहीं। लेकिन बाद में पता चला कि 54 वर्षीय श्रीदेवी की मौत हार्ट अटैक की वजह से हुई है। आज श्रीदेवी हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन श्रीदेवी ने जिस तरह से फैंस का दिल जीता था, उस पर सालों साल राज चलता रहेगा।