हरियाणा में ऐसा बनाया फ्लाईओवर, सात महीने में ही हो गया छेद

बारिश के कारण फ्लाईओवर के धंसने के बाद से ही सरकार पर तरह-तरह के आरोप लगने लगे हैं। लोगों का कहना है कि लगता है कि विधानसभा चुनाव से पहले इस फ्लाईओवर का उद्घाटन जल्दी में किया गया था।;

Update: 2020-03-07 13:33 GMT

गुरुग्राम के पटौदी में 14 करोड़ की लागत से बना फ्लाईओवर धंस गया। जिससे फ्लाईओवर में एक बड़ा छेद हो गया। बताया जा रहा है कि सात महीने पहले ही इस फ्लाईओवर का निर्माण किया गया था। फ्लाईओवर गिरने के बाद से मनोहर लाल सरकार पर उंगलियां उठने लगी हैं।

कब बना था फ्लाईओवर

रिपोर्ट के अनुसार उस समय के लोकनिर्माण मंत्री राव नरबीर सिंह ने इस फ्लाईओवर का उद्घाटन 6 सितंबर 2019 को किया था। लोक निर्माण विभाग के अभियंता राजीव यादव ने इस फ्लाईओवर की जानकारी देते हुए कहा कि चार साल से इस फ्लाईओवर को निर्माण किया जा रहा था। जिसके बाद अगस्त में यह बनकर तैयार हो गया था। उन्होंने कहा कि इसको बनाने के समय ही इसमें गलतियां हुई थी। इसी कारण एक तरफ से भारी मात्रा में मिट्टी निकल गई है और साथ ही साथ सड़क भी धंस गई है। उन्होंने ये भी कहा कि यातायात को मरम्मत के बाद ही शुरू किया जाएगा।

गुरुग्राम में पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना

गुरुग्राम में पहले भी ऐसी घटना सामने आ चुकी है। राष्ट्रीय राजमार्ग-48 के दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेस वे का हीरो होंडा फ्लाईओवर भी धंस गया था। रिपोर्ट के अनुसार उसकी भी मरम्मत नहीं हो पाई है। साथ ही उस फ्लाईओवर की भी यातायात सुविधा बंद है।

उठने लगे कई सवाल

शुक्रवार को बारिश के कारण फ्लाईओवर के धंसने के बाद से ही सरकार पर तरह-तरह के आरोप लगने लगे। लोगों का कहना है कि विधानसभा चुनाव से पहले इस फ्लाईओवर का उद्घाटन जल्दी में किया गया था। या फिर इसका निर्माण ही घटिया तरीके से किया गया था। साथ ही ट्विटर पर भी सरकार के खिलाफ कई टिप्पणियां आने लगी।

कुलदीप कादयान जी ने सवाल किया है कि गुरुग्राम के पटौदी में 7 महीने पहले 14 करोड़ की लागत से बने फ्लाईओवर का हाल देखो जरा, ये ग्रीनरी नहीं नीचे खेतों की फसल दिख रही है फ्लाईओवर के गड्ढों में से। कोई कार्यवाही होगी खट्टर साहब?

वहीं एक यूजर ने लिखा कि धर्म व जाति आधारित सत्ताधारी राज्य हरियाणा में भ्रष्टाचार का सबूत। किस धर्म व किस जाति के टैक्स का पैसा खाया गया है, कोई राष्ट्रभक्त हिसाब माँगेगा क्या?

वहीं दूसरे यूजर ने लिखा कि बीजेपी सरकार के ऐसे विकास को देखकर मैं तो हक्का बक्का रह गया हूं भाई ।

Tags:    

Similar News