Haryana : Minister Anil Vij की कांग्रेस नेताओं को नसीहत, राहुल और प्रियंका पंजाब में जाकर मजदूरों का हाल देखें
हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज (Minister Anil Vij) ने कांग्रेसी नेताओं को नसीहत देते हुए कहा श्रमिकों को आगे रखकर राजनीति कर रही प्रियंका गाँधी और राहुल पहले कांग्रेस शासित प्रदेशों से श्रमिकों को उनके घर पहुंचाएं।;
चंडीगढ़। हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज (Minister Anil Vij) ने कांग्रेसी नेताओं को नसीहत देते हुए कहा कि पहले अपने कांग्रेस शासित राज्यों के प्रवासी मजदूरों को राहत देने का काम करें और दूसरे राज्यों में सियासत (Politics) करने से बाज आएं। विज ने कहा कि प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) के श्रमिकों को उनके घर तक पहुंचाने के लिए एक हजार बसें देने का दावा किया था लेकिन हकीकत बसें देना नहीं बल्कि सियासत करना था, दूसरे राज्यों में अफरा तफरी मचाने की साजिश करना है।
हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने प्रियंका गांधी और कांग्रेस(Congress) को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि श्रमिकों को आगे रखकर राजनीति कर रही प्रियंका गांधी पहले कांग्रेस शासित प्रदेशों से श्रमिकों को उनके घर पहुंचाएं। पंजाब से हरियाणा के रास्ते यूपी-बिहार जाने वाले श्रमिकों का पलायन बहुत अधिक संख्या में हो रहा है। पंजाब में कांग्रेस की सरकार है और कैप्टन अमरिंदर हरियाणा की बात तो मान नहीं रहे हैं ऐसे में प्रियंका गांधी और राहुल गांधी को पंजाब जाना चाहिए और पंजाब के मजदूरों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने का प्रयास करना चाहिए।
अनिल विज ने तंज कसते हुए कहा कि आज पूरी कांग्रेस कोरोना से भी खतरनाक बीमारी (राजनीति) की चपेट में है। अनिल विज ने कहा कि आज कांग्रेस अपने पॉलिटिकल एजेंडे के अनुसार तमाशा कर रही है। कांग्रेसी नेता पंकज पूनिया के मामले पर भी गृह मंत्री अनिल विज ने प्रतिक्रिया दी और कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। अनिल विज ने कहा कि कांग्रेस नीचता की पराकाष्ठा कर रही हैं और जिस प्रकार की भाषा का इस्तेमाल कांग्रेसी नेता ने अपने ट्वीट में किया था सभ्य समाज इसकी इजाजत नहीं देता। अनिल विज ने बताया कि क़ानूनी प्रक्रिया के तहत पुनिया के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी।