प्रोपर्टी डीलर ने लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मारकर की खुदकुशी

यमुनानगर में आधी रात को एक प्रोपर्टी डीलर ने अपने लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली। पहली पत्नी से तलाक लेने के बाद उसने दूसरी शादी की थी और अब उसी पत्नी के साथ घर पर रह रहा था।;

Update: 2020-04-04 09:44 GMT

हरिभूमि न्यूज। यमुनानगर। शहर के ग्रीनपार्क में शनिवार तड़के दो बजे के करीब एक प्रोपर्टी डीलर ने अपने कमरे में स्वयं की लाइसेंसी पिस्टल से कनपटी पर गोली मारकर खुदकुशी कर ली। प्रोपर्टी डीलर ने गोली क्यों चलाई इस बारे में पुलिस की जांच चल रही है। पुलिस ने फिलहाल धारा 174 के तहत कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। 

मृतक के बेटे सार्थक ने बताया कि उसका पिता संदीप (48) प्रोपर्टी डीलर का काम करता था। कुछ समय पहले उनका पहली पत्नी से तलाक हो गया था। अब वह दूसरी पत्नी के साथ रह रहा था। शुक्रवार देर शाम उसका पिता संदीप खाना आदि खाने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया था। रात दो बजे के करीब अचानक उसके कमरे से गोली चलने की आवाज सुनाई दी। गोली आवाज सुनकर परिवार के लोग उसके कमरे में पहुंचे तो वह मृत पड़ा था और उसकी कनपटी पर गोली लगी हुई थी। इस दौरान उसके पिता के हाथ में उनकी लाइसेंसी पिस्टल थी। सार्थक ने बताया कि घर में कोई झगड़ा आदि भी नहीं हुआ था और ना ही किसी अनहोनी होने की कोई आशंका थी। आखिर उसके पिता ने गोली चलाकर खुदकुशी क्यों की, इस बारे में वह कुछ नहीं जानते हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।

मामले की कर रहे हैं जांच

मामले की जांच कर रहे रामपुरा पुलिस चौकी प्रभारी मोहन लाल ने बताया कि फिलहाल मामले में 174 की कार्रवाई की गई है। मामले में विभिन्न स्तर पर जांच की जा रही है। जांच पूरी होने पर ही मौत के कारणों का पता चलने की उम्मीद है।

Tags:    

Similar News