Jind : ससुरालीजनों से परेशान महिला ने थाने के सामने खाया जहरीला पदार्थ, पीजीआई रेफर
जींद में एक महिला ने पारिवारिक विवाद के चलते महिला थाने (Women Police Station) के बाहर जहर निगल लिया। सूचना मिलते ही थाने में हड़कंप मच गया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया।;
जींद। महिला पुलिस थाने (Women Police Station) के सामने शुक्रवार दोपहर को महिला ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। पारिवारिक विवाद के चलते महिला व ससुराली पक्ष को बुलाया गया था। महिला थाना पुलिस द्वारा महिला को सामान्य अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसकी हालात गंभीर देख पीजीआई रोहतक (PGI Rohtak) रेफर कर दिया। सिविल लाइन थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। गांव संगतपुरा निवासी राजेश की पत्नी सीमा का ससुरालीजनों (In-laws) से विवाद हो गया। जिस पर सीमा ने दो दिन पहले महिला थाना पुलिस में ससुरालीजनों के खिलाफ शिकायत दी।
शुक्रवार को दोनों पक्षों को महिला थाने में बुलाया गया था। सीमा काफी समय से महिला थाना में आई हुई थी, जबकि उसके ससुरालीजन थाने में नहीं पहुंचे थे। दोपहर को सीमा थाने से बाहर पेड़ की छांव में चली गई। कुछ समय के बाद उसके ससुरालीजन भी थाने में पहुंच गए। इसी बीच सीमा ने जहरीला पदार्थ निगल लिया और जानकार महिला हवलदार को फोन कर जहर निगलने के बारे में बताया। जिससे महिला थाना में हड़कंप मच गया।
महिला थाना की गाड़ी की सहायता से महिला को सामान्य अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसकी हालात गंभीर देख पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। बताया जाता है कि सीमा की शादी लगभग एक साल पहले राजेश के साथ हुई थी। कुछ दिनों से सीमा तथा उसके ससुरालीजनों के बीच अनबन चली हुई थी। जिसकी शिकायत महिला थाना पुलिस को दी गई थी। महिला थाना प्रभारी शीला देवी ने बताया कि महिला ने अपने ससुरालीजनों के खिलाफ शिकायत दी हुई थी। दोनों पक्षों को बातचीत के लिए बुलाया गया था। महिला पहले से आई हुई थी। ससुरालीजनों के आने तक इंतजार करने के लिए कहा गया था, इसी बीच महिला ने थाने के बाहर जाकर जहर निगल लिया। महिला को पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है।