Knowledge News : जन्म के एक घंटे बाद ही चलने से लेकर रोजाना 150 Kg खाने तक, जानिए हाथियों के बारे में रोचक तथ्य

आज हम आपको अपनी इस खबर में हाथियों के बारे में कुछ रोचक तथ्य बताने जा रहे हैं जिसके बारे में आप शायद नहीं जानते होंगे।;

Update: 2022-10-19 12:40 GMT

हाथी मेरे साथी.. जी हां, हाथियों (Elephant) को हमेशा से ही इंसान का साथी माना जाता है। क्योंकि वो इंसानो के साथ दूसरे जानवरों से ज्यादा अच्छे तरीके से रहते हैं और बहुत ही जल्दी घुल-मिल भी जाते हैं। आपको बता दें कि Elephant शब्द की उत्पत्ति ग्रीक शब्द elephas से हुई है, जिसका मतलब होता है गजदंत। अगर हम हाथी दिवस की बात करें तो वो पूरी दुनिया भर में 12 अगस्त को मनाया जाता है। एशियाई और अफ्रीकी हाथियों के संरक्षक के विषय में जागरूकता पैदा करने और ध्यान आकर्षित करने के लिए इस दिन को मनाया जाता है। लेकिन आज हम आपको अपनी इस खबर में हाथियों से जुड़े ही कुछ ऐसे रोचक तथ्य बताएंगे जो शायद आप न जानते हों।

मोटी होती है हाथियों की चमड़ी

हाथी की खाल का ज्यादातर हिस्सा 2.5 सेंटीमीटर तक मोटा होता है। दरअसल, उनकी त्वचा पर मौजूद सिलवटें और झुर्रियां, सपाट त्वचा के मुकाबले 10 गुना ज्यादा पानी बनाए रख सकती हैं। जो उन्हें ठंडा रखने में मदद करता है। वो नियमित रूप से अपनी त्वाचा को साफ रखते हैं और धूल व मिट्टी में नहाकर खुद को तेज धूप से भी बचाते हैं।

सूंड में है कमाल की खूबियां

हाथियों की सूंड में लगभग 1,50,000 मसल्स यूनिट होती हैं। एक तरह से यह समझ लीजिए कि ये उनका हाथ ही होता है। जिससे वो मूंगफली तक को छीलकर खा सकते हैं। इसके अलावा वे अपनी सूंड का इस्तेमाल पानी पीने के लिए करते हैं, जिसमें 8 लीटर तक पानी आ सकता है और हां, तैरते समय वे सूंड का इस्तेमाल सांस लेने के लिए के रूप में भी करते हैं।

इतना खाना खाते हैं हाथी

हाथी लगभग पूरे दिन खाना खाता है और उन्हें दिन में 150 किलोग्राम से ज्यादा खाने की जरूरत होती है। हालांकि, इसमें से वो बस आधा ही खाना पचा पाता है। मगर वो इतना खाते हैं कि उनका दिन का एक तिहाई हिस्सा बस खाना खाने में ही निकल जाता है।

हाथियों को रहता है सबकुछ याद

हाथी का टेम्पोरल लोब यानि स्मृति से जुड़ा दिमाग का हिस्सा लोगों की तुलना में काफी बड़ा और सघन होता है। इसलिए ऐसी एक कहावत है कि हाथी कभी नहीं भूलते।

1 घंटे में चलने लगता है हाथी

हाथी का बच्चा दिखने में प्यारा लगता है मगर ये सबसे ज्यादा शक्तिशाली होता है। हाथी का बच्चा पैदा होने के बस 20 मिनट के अंदर ही अपने पैरों पर खड़ा हो जाता है और 1 घंटे के अंदर चलने लग जाता है। यहां तक कि 2 दिन के बाद वो झुंड के साथ चलने लगता है और अपने खाना-पानी की तलाश करने लगता है।

इसलिए कान हिलाता है हाथी

ऐसा कहते हैं कि हाथी को बहुत ज्यादा गर्मी लगती है और अपने विशालकाय शरीर से गर्मी को बाहर निकालने के लिए हाथी अपने कानों का इस्तेमाल करते हैं। इसलिए ही अक्सर आपने उन्हें अपने कानों को हिलाते हुए देखा होगा। कहा तो यहां तक भी जाता है कि गर्मी की वजह से ही अफ्रीकी हाथियों के कान बड़े होते हैं। हालांकि इस तथ्य को किसी भी वैज्ञानिक अध्यन में साबित नहीं किया जा सका है।

खड़े होकर सोते हैं हाथी

अध्ययन कहते हैं कि हाथी लेट कर और खड़े होकर दोनों ही तरह से सो सकते हैं। लेकिन एक्सपर्ट का कहना है कि जंगल में अधिकतर हाथी खड़े-खड़े ही सो जाते हैं क्योंकि उनके लिए हिलना डुलना आसान रहता है। इसके अलावा वो इसलिए भी खड़े होकर सोते हैं क्योंकि उनका शरीर काफी भारी होता है। ऐसे में जमीन पर बैठने से उनके शरीर का कोई अंग चोटिल हो सकता है।

Tags:    

Similar News