फर्जी पासपोर्ट पर 2 युवक अमेरिका गए, एक ही परिवार ने 2-2 बार बनवाए पासपोर्ट, 7 लोगों पर केस दर्ज

नंबरदार ने एसपी जश्नदीप सिंह को शिकायत देकर एक ही परिवार के 7 लोगों पर फर्जी पासपोर्ट बनवाने के आरोप लगाए हैं। शुरूआती जांच में पुख्ता सबूत मिलने के बाद अब पुलिस ने केस दर्ज किया है।;

Update: 2022-09-30 13:31 GMT

हरिभूमि न्यूज : अंबाला

फर्जी पासपोर्ट पर लोग अमेरिका चले गए। यह खुलासा अकालगढ़ के एक नंबरदार ने किया है। एसपी जश्नदीप सिंह को शिकायत देकर उसने एक ही परिवार के सात लोगों पर फर्जी पासपोर्ट बनवाने के आरोप लगाए हैं। शुरूआती जांच में पुख्ता सबूत पाए जाने के बाद अब पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। इससे पहले सीएम विंडो पर शिकायत देकर गांव अकालगढ़ के नंबरदार शरणजीत सिंह ने आरोप लगाए थे कि उसके गांव के कर्म सिंह, बलदेव सिंह, गुरदेव सिंह, कुलवंत सिंह, अमन प्रीत सिंह, सुखप्रीत सिंह ने स्वस्थ्य विभाग और पासपोर्ट विभाग को गुमराह करके 2-2 बार पासपोर्ट बनवाए हैं। शरणजीत सिंह ने कहा कि कर्म सिंह, बलदेव व गुरदेव सिंह पहले कुरुक्षेत्र जिला के गांव भट्ट माजरा ( पिहोवा ) में रहते थे। आरोपियों का जन्म भी गांव भट्ट माजरा में हुआ था।

इन्होंने वहां भी पासपोर्ट बनवा लिए और यहां अंबाला स्वास्थ्य विभाग को गुमराह करके अपने जन्म प्रमाण-पत्र गांव अकालगढ़ से बनवा लिए, जबकि इनका पिछला स्थाई पता गांव भट्ट माजरा तहसील पिहोवा जिला कुरुक्षेत्र है। शिकायतकर्ता ने बताया कि कर्म सिंह के बेटे अमनप्रीत सिंह का जन्म शाहाबाद ( कुरुक्षेत्र ) में 09 जून 2001 को हुआ था, लेकिन कर्म सिंह ने अपने बेटे अमन प्रीत सिंह का जन्म प्रमाण-पत्र अकालगढ़ का पता देकर उगाला पीएचसी से बनवा लिया, जिसमें अमन प्रीत सिंह की जन्मतिथि 09 जून 2003 करवा ली। इतना ही नहीं, कर्म सिंह के दूसरे बेटे सुखप्रीत सिंह का जन्म 1 अगस्त 2002 शाहाबाद में हुआ था, लेकिन गांव अकालगढ़ के पते पर उगाला से 01 अगस्त 2004 को जारी करवा लिया। बताया कि कर्म सिंह ने अपने दोनों बेटों को अमेरिका भेज दिया। पुलिस द्वारा की गई जांच में भी फर्जीवाड़ा सामने आया है। पुलिस ने आरोपी कर्म सिंह, बलदेव सिंह, गुरदेव सिंह, जसमेर सिंह, कुलवंत सिंह, अमनप्रीत सिंह व सुखप्रीत सिंह के खिलाफ धारा 420, 467, 468 व 471 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Tags:    

Similar News