शोले के वीरू की तरह टावर पर चढ़ा 20 साल का लड़का, शादी न कराने पर किया ऐसा हाईवोल्टेज ड्रामा, देख कर नहीं रुकेगी हंसी
काफी मिन्नत करने के बाद युवक नीचे उतरने को राजी हुआ, लेकिन नशे के कारण नीचे नहीं उतर पर रहा था। पुलिस ने शादी के लिए लडक़ी का नाम पुछा, लेकिन उसने नहीं बताया।;
हरिभूमि न्यूज : तरावड़ी ( करनाल )
तरावड़ी ईदगाह बस्ती का रहने वाला एक युवक अरूण शनिवार सुबह शोले फिल्म के वीरू की तरह बस्ती में लगे मोबाइल टावर चढ़ गया। युवक नशे की हालत में था और अपनी शादी की मांग कर रहा था। करीब दो घंटे बाद बस्ती के तीन युवक टावर पर चढ़े और अरूण को नीचे उतार लाए। 20 वर्षीय अरूण शुक्रवार को भी नशा कर टावर पर चढ़ गया था, लेकिन कुछ देर बाद परिवार के लोगों के कहने पर नीचे आ गया था। शनिवार को जब अरूण नीचे नहीं आया तो मौके पर तरावड़ी पुलिस व नगरपालिका के पूर्व अध्यक्ष वीरेंद बंसल पहुंचे।
काफी मिन्नत करने के बाद अरूण नीचे उतरने को राजी हुआ, लेकिन नशे के कारण नीचे नहीं उतर पर रहा था। टावर पर चढ़ा अरूण शादी करवाने की मांग कर रहा था और कहा रहा था कि जब तक उसकी शादी की मांग पूरी नही होती वह नीचे नहीं आएगा। पुलिस ने शादी के लिए लडक़ी का नाम पुछा, लेकिन उसने नहीं बताया। अरूण की मां गुडड़ी ने बताया कि वह दिनभर नशा करता है और अब वह नशे के लिए अपने घर का सामान भी बेचने लगा है। उसकी मां ने बताया कि इस हालात में वह उसकी शादी कैसे और किससे करेंगी। उसके नीचे उतरने से पहले इसकी मां काफी गुस्से में थी, लेकिन जैसे ही अरूण नीचे उतर आया तो उसका गुस्सा शांत हो गया और वह उसे लेकर अपने घर चली गई।