सीएम मनोहर लाल का फर्जी मृत्यु प्रमाण-पत्र जारी करने वाले गिरोह के 5 सदस्य गिरफ्तार, लैपटॉप और मोबाइल जब्त
अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी ने बताया कि हरियाणा के मुख्यमंत्री का फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने के आरोप में पुलिस ने पांच लोगों प्रशांत मौर्य, मोनू शर्मा उर्फ शिवानन्द शर्मा, अंसार अहमद, मो. कैफ अंसारी और जन्म मृत्यु आंकड़ा अनुभाग में संयोजक के पद पर काम करने वाले संविदा कर्मी यशवन्त को गिरफ्तार किया गया है।;
उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के पन्नूगंज थाने की पुलिस ने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल का फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने वाले गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ़्तार किया है। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।
अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी ने शुक्रवार को एक पत्रकार वार्ता में बताया कि हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल का फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने के आरोप में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ़्तार किया है। उन्होंने बताया कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के जन्म मृत्यु संबंधी डाटा प्रोसेसिंग असिस्टेंट मनोज कुमार ने विगत 10 फ़रवरी को सूचना दी कि मनोहर लाल पुत्र हरवंश लाल के नाम से दिनांक दो फरवरी 2023 को पंजीकरण संख्या डी/2023.60339-000021 पर जारी मृत्यु प्रमाण पत्र पूर्णतः फर्जी है। मामले में पुलिस टीम द्वारा प्रशांत मौर्य, मोनू शर्मा उर्फ शिवानन्द शर्मा, अंसार अहमद, मो. कैफ अंसारी और जन्म मृत्यु आंकड़ा अनुभाग में संयोजक के पद पर काम करने वाले संविदा कर्मी यशवन्त को गिरफ्तार किया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ने बताया कि इनके पास से चार लैपटॉप और सात मोबाइल फोन बरामद किये गये हैं। पुलिस अधिकारी के मुताबिक इस मामले में गिरफ्तार पांचों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।